2027 में BJP की हैट्रिक का पूरा प्लान तैयार! 60 पार के लिए ये 3 होंगे सबसे बड़े ट्रंप कार्ड…

The BJP’s 2027 hat-trick plan is complete : उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रदेश में लगातार तीसरी बार सत्ता हासिल करने के लक्ष्य के साथ पार्टी ने इस बार 60 से अधिक सीटें जीतने का लक्ष्य रखा है। हरिद्वार में आयोजित BJP की विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में चुनावी रणनीति, संगठन की मजबूती और जनता के बीच सरकार की उपलब्धियां पहुंचाने को लेकर कई अहम फैसले लिए गए। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि चुनावी मुकाबले में जीत हासिल करने के लिए संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करना सबसे जरूरी होगा।

BJP ने 2027 के चुनाव को देखते हुए बूथ स्तर पर अपनी पकड़ मजबूत करने की रणनीति बनाई है। पार्टी ने करीब 3,000 कमजोर बूथों को चिह्नित कर वहां संगठन की सक्रियता बढ़ाने की योजना तैयार की है। दिसंबर से बूथ विजय अभियान चलाने की तैयारी है, जिसके तहत बूथ अध्यक्षों और कार्यकर्ताओं को सक्रिय किया जाएगा। इसके अलावा बूथ क्षेत्रों में पार्टी के झंडे लगाने और दीवार लेखन के जरिए सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने पर जोर रहेगा।

BJP चुनाव से पहले धामी सरकार के कामकाज और केंद्र की मोदी सरकार की योजनाओं को जनता के बीच ले जाने की तैयारी में है। पार्टी जल्द ही सरकार का रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने रखने की योजना बना रही है। इसके साथ ही गढ़वाल और कुमाऊं में दो जन आशीर्वाद यात्राएं निकालने की तैयारी है, जो प्रदेश की सभी विधानसभा सीटों तक पहुंचेंगी। महिला, युवा, किसान और विभिन्न सामाजिक वर्गों के बीच संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पार्टी के सभी मोर्चों को नए लोगों को संगठन से जोड़ने का लक्ष्य भी दिया गया है।

BJP इस बार टिकट वितरण में भी कोई जोखिम नहीं लेना चाहती। पार्टी ने विधानसभा सीटों पर संभावित दावेदारों की लोकप्रियता, जनता के बीच उनकी पकड़, कार्यकर्ताओं की नाराजगी और स्थानीय परिस्थितियों को परखने की रणनीति बनाई है। पिछली बार हारी गई 23 सीटों पर विशेष फोकस किया जा रहा है। प्रत्येक सीट पर संभावित प्रत्याशियों के चयन के लिए तीन सदस्यीय कमेटी के जरिए फीडबैक जुटाने की योजना भी सामने आई है। ऐसे में भाजपा का पूरा फोकस संगठन, सरकार की उपलब्धियों और मजबूत उम्मीदवारों के दम पर 2027 में सत्ता की हैट्रिक लगाने पर है। हालांकि 60 पार का लक्ष्य हासिल करना पार्टी के लिए एक बड़ी चुनावी चुनौती भी होगा।

पढ़े –https://theindiainsights.com/cm-dhami-enhanced-uttarakhands-pride/

Aarti Rawat
Aarti Rawat