The Health Department in Haridwar took Strict Action : हरिद्वार में अवैध रूप से चल रहे अस्पतालों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने सख्त कार्यवाही की है। बता दे स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जिले के 8 अस्पतालों का निरीक्षण किया है। वहीं निरीक्षण के दौरान कई अस्पतालों में त्रुटियाँ पाई गई। जिसके चलते 3 अस्पतालों को मौके पर ही सील कर दिया गया और साथ ही तीन अस्पतालों के खिलाफ विभागीय कार्यवाही की तैयारी है। स्वास्थ्य विभाग की इस कार्यवाही से अस्पताल संचालकों में हड़कंप मच गया।
इन अस्पतालों और क्लिनिको का किया गया निरीक्षण
हरिद्वार के सीएमओ आरके सिंह के निर्देश पर अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रमेश कुंवर के नेतृत्व में बनी टीम ने हरिद्वार जिले के विभिन्न निजी अस्पतालों और क्लिनिको का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान श्री राम क्लिनिक ज्वालापुर, सेठी नर्सिंग होम कनखल, आस्था मेडिकल एंड क्लिनिक कनखल, क्लासिक हॉस्पिटल धनपुरा, वेलफेयर हॉस्पिटल धनपुरा और गैलेक्सी हॉस्पिटल धनपुरा की जांच की गई।
3 अस्पतालों को किया गया सील
जांच के दौरान कई संस्थानों में गंभीर अनियमितताएं और नियमों का उल्लंघन करते पाए गए। जिसके चलते स्वास्थ्य विभाग ने श्री राम क्लिनिक, आस्था मेडिकल एंड क्लीनिंग और गैलेक्सी हॉस्पिटल को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया। वहीं वेलफेयर हॉस्पिटल, क्लासिक अस्पताल और सेठी नर्सिंग होम में भी विभिन्न कमियां पाई जाने के बाद उनके खिलाफ भी विभागीय कार्यवाही की प्रक्रिया शुरू कर दी गई।
अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रमेश कुंवर ने बताया कि संबंधित संस्थानों में पाई गई अनियमितताओं के आधार पर 50 हजार रुपए से लेकर 2 लाख रुपए तक का आर्थिक दंड लगाया जाएगा। इसके अलावा नियमानुसार अन्य कानूनी एवं विभागीय कार्यवाई भी की जाएगी। अभियान के दौरान सभी के अभिलेख, पंजीकरण, चिकित्सकीय व्यवस्थाओं और मानकों का परीक्षण किया गया।
