चारधाम यात्रा 2026, प्रशासन का नया कदम, टोकन सिस्टम हुआ जारी…

Token System In Char dham Yatra 2026 : उत्तराखंड में चारधाम यात्रा अगले महीने शुरू होने जा रही है। जिसके चलते इस बार भी केदारनाथ धाम और बदरीनाथ धाम में दर्शन के लिए टोकन प्रणाली लागू की जाएगी। प्रशासन और पर्यटन विभाग का मानना है कि इससे श्रद्धालुओं को बेहतर ढंग से दर्शन कराए जा सकेंगे।

आपको बता दें, इस व्यवस्था के तहत पंजीकरण कराने वाले श्रद्धालुओं को धाम पहुंचने पर एक निर्धारित समय का टोकन दिया जाएगा, ताकि उन्हें लंबी कतारों में अधिक समय तक खड़ा न रहना पड़े। हालांकि, पिछले साल भी यह सिस्टम लागू किया गया था, लेकिन अत्यधिक भीड़ के चलते कई जगहों पर यह पूरी तरह सफल नहीं हो सका और लोगों को इंतजार करना पड़ा।

टोकन व्यवस्था को लेकर चारधाम तीर्थपुरोहित महापंचायत ने आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि यह प्रणाली व्यावहारिक नहीं है और इससे श्रद्धालुओं को असुविधा होती है, इसलिए इसे हटाया जाना चाहिए।

वहीं, पर्यटन विभाग का कहना है कि हर साल बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करने के लिए इस तरह की व्यवस्था जरूरी है। अधिकारियों के अनुसार, पिछले साल के अनुभवों से सीख लेकर इस बार इसमें सुधार किए जाएंगे, ताकि श्रद्धालुओं को सुगम और व्यवस्थित दर्शन मिल सके। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि टोकन सिस्टम को खत्म करने की कोई योजना नहीं है।

Srishti
Srishti