Two groups clashed in Haridwar : हरिद्वार के रानीपुर मोड़ पर देर रात दो गुटों के बीच जमकर मारपीट और पत्थरबाजी हुई है। दोनों पक्षों के लोंगो ने एक दूसरे पर ईंट पत्थरों और लाठी डंडों से जमकर हमला कर दिया। बता दे अचानक हुई मारपीट से मौके पर अफरा तफरी मच गई। काफी देर तक सड़क पर हंगामे की स्थिति बनी रही। इस दौरान कई लोगों के घायल होने की सूचना भी सामने आई है।
बता दे दोनों गुटों के बीच विवाद कार को ओवरटेक करने को लेकर शुरू हुआ था। जिसके बाद दोनों पक्षों के लोगों के बीच पहले कहासुनी हुई वहीं देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों गुट के लोग एक दूसरे से मारपीट करने लगे साथ ही लाठी डंडे और ईंट पत्थर से एक दूसरे पर जमकर हमला करने लगे।
मारपीट के दौरान मौके पर मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। आसपास के व्यापारियों और स्थानीय लोगों में भी दहशत फैल गई। काफी देर तक दोनों पक्षों के युवक एक दूसरे से भिड़ते रहे। सड़क पर हो रहे इस हंगामे को देखकर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही ज्वालापुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों के लोगों को शांत कराया। पुलिस ने मारपीट में शामिल कई लोगों को हिरासत में लिया।
वहीं, मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया। वीडियो में दोनों गुटों के बीच मारपीट और ईंट पत्थर व लाठी डंडे चलने दिखाई दे रहे हैं।
