Two Injured In Firing During Govt Land Probe In Haridwar : हरिद्वार के कनखल थाना क्षेत्र से एक हैरान करने वाली खबर सामने आ रही है। जहां पंजनहेड़ी गांव में बुधवार सुबह प्रशासनिक टीम की मौजूदगी में फायरिंग की घटना सामने आई है। बता दें, सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत की जांच के दौरान हुए इस विवाद में दो लोगों को गोली लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
मिली जानकारी के अनुसार जांच के लिए पहुंची प्रशासनिक टीम के सामने ही भाजपा से जुड़े दो गुटों के बीच विवाद हो गया। पहले दोनों गुटों के बीच बहस हुई, जो कुछ ही देर में हाथापाई में बदल गई। इसी दौरान अचानक गोली चल गई। गोली लगने से जिला पंचायत उपाध्यक्ष अमित चौहान के भाई और प्रॉपर्टी डीलर सचिन चौहान गंभीर रूप से घायल हो गए।
इसके अलावा उनके एक रिश्तेदार कृष्णपाल भी फायरिंग की चपेट में आ गए। सचिन को पेट में गोली लगने की बात सामने आई है। घटना के बाद मौके पर भगदड़ जैसे हालात बन गए। पुलिस और प्रशासन ने किसी तरह स्थिति को काबू में किया। दोनों घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।
सूचना मिलते ही कनखल थाना पुलिस के साथ एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने साक्ष्य जुटाने के साथ ही मामले से जुड़े लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, फायरिंग की वजह, आरोपी और पूरे विवाद के कारणों की गहन जांच की जा रही है।
