Uttarakhand Board Exams 2026 : उत्तराखंड में आगामी बोर्ड परीक्षाओं को लेकर शिक्षा विभाग के द्वारा तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिसकी जानकारी देते हुए बोर्ड सचिव विनोद सिमल्टी ने बताया कि परीक्षा के दौरान नकल पर पूरी तरह अंकुश लगाया जाएगा।
आपको बता दें, राज्यभर में इस वर्ष कुल 1261 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं। इनमें 156 केंद्र संवेदनशील और 6 केंद्र अति संवेदनशील श्रेणी में रखे गए हैं। साथ ही, इन केंद्रों पर निगरानी की जिम्मेदारी अनुभवी वरिष्ठ प्रधानाचार्य एवं प्रधानाध्यापकों को सौंपी जाएगी। परीक्षा के लिए 50 एकल और 1211 मिश्रित केंद्र बनाए गए हैं।
राज्य स्तर पर गठित होंगे सचल दल
परीक्षा की निगरानी के लिए प्रत्येक जिले में मुख्य शिक्षा अधिकारी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की जाएगी। इसके बाद निरीक्षण के लिए सचल दल गठित किए जाएंगे। इसके साथ ही राज्य स्तर पर भी विशेष सचल दल सक्रिय रहेंगे, जो परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करेंगे।
दिव्यांग परीक्षार्थियों को समय की सुविधा
इसके अलावा बोर्ड की ओर से दिव्यांग छात्र-छात्राओं को प्रति घंटे 20 मिनट का अतिरिक्त समय दिए जाने का निर्णय लिया गया है। तीन घंटे की परीक्षा में उन्हें कुल एक घंटे का अतिरिक्त समय मिलेगा।
इतने परीक्षार्थी होंगे शामिल
आपको बता दें, इस वर्ष उत्तराखंड बोर्ड में हाईस्कूल परीक्षा में 1,10,573 नियमित और 2,106 व्यक्तिगत छात्र-छात्राएं शामिल होंगी। वहीं इंटरमीडिएट परीक्षा में 99,345 नियमित और 4,097 व्यक्तिगत परीक्षार्थी परीक्षा देंगे।
