‘Uttarakhand Film Awards’ will held by UFDC : उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद (UFDC) की एक बड़ी पहल के तहत उत्तराखंड में पहली बार आधिकारिक ‘उत्तराखंड फिल्म पुरस्कार-2024 एवं 2025’ का आयोजन होने जा रहा है। बता दे इस राज्य स्तरीय पुरस्कार का मुख्य उद्देश्य उत्तराखंड की स्थानीय फिल्मों, भाषाओं (जैसे गढ़वाली, कुमाऊंनी, जौनसारी), स्थानीय कलाकारों और तकनीकी प्रतिभाओं को एक बड़ा राष्ट्रीय मंच और पहचान देना है।
इसके तहत वर्ष 2024 और 2025 में उत्तराखंड में बनी अथवा फिल्मांकित फिल्मों और उत्तराखंड की क्षेत्रीय बोलियों, हिंदी एवं संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल अन्य भारतीय भाषाओं में बनी फिल्मों को सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही उत्कृष्ट कलाकारों, तकनीशियनों एवं फिल्म विधा से जुड़े अन्य रचनात्मक व्यक्तियों को भी सम्मान प्रदान किया जाएगा।
UFDC की वेबसाइट ऑनलाइन आवेदन शुरू
‘उत्तराखंड फिल्म पुरस्कार-2024 एवं 2025’ के फिल्म पुरस्कारों के लिए डिजिटल एंट्री और ऑनलाइन आवेदन 15 सितंबर से शुरू हो चुके हैं और जिसकी अंतिम तिथि 16 अक्टूबर, 2026 है। जिसके लिए योग्य फिल्में और कलाकार उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद की ऑफिशियल वेबसाइट ufdc.uk.gov.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।
उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2019-20 से 2025-26 तक राज्य में 1,440 से अधिक फिल्मों की शूटिंग/एनओसी से संबंधित गतिविधियां दर्ज की गई हैं। इससे राज्य में फिल्म निर्माण के साथ होटल, परिवहन, कैटरिंग, स्थानीय सेवाओं और अन्य क्षेत्रों में रोजगार एवं स्वरोजगार की संभावनाएं भी बढ़ी हैं।
वहीं उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बंशीधर तिवारी ने बताया उत्तराखंड फिल्म पुरस्कार-2024 एवं 2025 का पहला आयोजन स्थानीय फिल्मों, भाषाओं, कलाकारों और तकनीकी प्रतिभाओं को सम्मान एवं पहचान देने की महत्वपूर्ण पहल है।
