Uttarakhand : सड़को पर उतरे बेरोजगार, जमकर प्रर्दशन, किया सचिवालय कूच..

Uttarakhand Unemployed take to the streets : उत्तराखंड बेरोजगार संघ के बैनर तले आज 21 जुलाई यानी मंगलवार को भारी संख्या में बेरोजगारों ने अपनी अलग-अलग मांगों को लेकर सचिवालय कूच किया। वहीं पहले से मौजूद पुलिस ने सुभाष रोड पर सचिवालय से पहले प्रदर्शनकारियों को बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया। जिससे नाराज होकर बेरोजगार सड़क में ही धरने पर बैठ गए और अपनी मांगों को लेकर जमकर प्रदर्शन करने लगे। इस दौरान बेरोजगारों ने उत्तराखंड लोक सेवा आयोग में एई और जेई की भर्ती शीघ्र जारी करने, लंबित भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू करने, उत्तराखंड पुलिस में 1500 भर्ती विज्ञप्ति जारी करने, उत्तराखंड महिला पुलिस सिपाही के 400 पदों पर तत्काल भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की मांग उठाई।

सरकार ने 60 हजार भर्तियों को जारी करने का किया था वादा

बता दे इससे पहले सभी बेरोजगार परेड ग्राउंड में इक्टठा हुए उसके बाद पैदल मार्च निकालते हुए सचिवालय की ओर बड़े, जहां पुलिस द्वारा उन्हें रोक दिया गया।
वहीं बेरोजगार संघ के प्रदेश अध्यक्ष राम कंडवाल ने कहा कि केंद्र हो या फिर राज्य सरकार हो दोनों सरकार ही युवाओं को ठगने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार ने बेरोजगारों के साथ 60 हजार भर्तियों को जारी किए जाने का वादा किया था, लेकिन यह वादा भी अब तक पूरा नहीं हो पाया है। कंडवाल ने कहा कि आज अन्य प्रदेशों से युवाओं को यहां लाया जा रहा है और उन्हें नौकरियां दी जा रही है, लेकिन राज्य के युवा रोजगार पाने के लिए धक्के खा रहे हैं।

कंडवाल का कहना है कि अगर सरकार भर्तियों की विज्ञप्ति जारी कर देती तो आज बेरोजगारों को सड़कों पर उतर कर आंदोलन करने के लिए मजबूर नहीं होना पड़ता। बेरोजगार संघ ने बीते रोज दिल्ली में युवाओं के साथ हुए लाठी चार्ज की भी तीखी निंदा की है।

वहीं प्रदर्शन में शामिल युवाओं का कहना था कि वे वर्षों से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं, लेकिन लगातार भर्ती में देरी और विज्ञप्तियों की कमी के कारण उनका भविष्य अनिश्चित बना हुआ है। उनका कहना है कि समय पर भर्ती प्रक्रिया पूरी होने से न केवल बेरोजगार युवाओं को रोजगार मिलेगा, बल्कि विभिन्न सरकारी विभागों में रिक्त पद भी भर सकेंगे। युवाओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार जल्द उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लेती, तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा।

Srishti
Srishti