निर्माणधीन मकान की दीवार गिरने से हुआ दर्दनाक हादसा, 1 महिला मजदूर की मौत , 2 घायल…

Wall Collapse In Bhimtal: भीमताल से एक दुखद घटना सामने आई है। एक निर्माणाधीन मकान की दीवार गिरने से एक महिला मजदूर की मौत हो गई, जबकि दो अन्य मजदूर घायल हो गए।

मलबे में दबे मजदूर

यह घटना गुरुवार शाम उत्तराखंड के भीमताल नगर के गोरखपुर क्षेत्र में करीब 4:30 बजे हुई । जानकारी के अनुसार, गोरखपुर चौराहे के पास एक मकान निर्माण के दौरान दीवार अचानक गिर गई। मलबे में मालती देवी (35), सुशीला देवी और पुष्प चंद्र दब गए। स्थानीय लोगों ने  तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायलों को मलबे से बाहर निकाला साथ ही तुरन्त पुलिस को सूचना दी।

पुलिस और डॉक्टर की पुष्टि

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर अपने वाहन से घायलों को भीमताल सीएचसी पहुंचाया। अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने बताया कि मालती देवी  पहले ही दम तोड़ चुकी थीं। जबकि घायलों में से सुशीला देवी की हालत गंभीर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हल्द्वानी रेफर कर दिया गया। वहीं, पुष्प चंद्र को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने मालती देवी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।

हादसे की जांच जारी

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि दीवार के पीछे मिट्टी भरने का काम चल रहा था, जिसके कारण दीवार ढह गई। थानाध्यक्ष ने बताया कि घटना की पूरी जांच की जा रही है ताकि दीवार गिरने के कारणों का पता लगाया जा सके।

Aarti Rawat
Aarti Rawat