Weather Alert : Heavy snowfall in Kedarnath : उत्तराखंड के केदारनाथ धाम में भारी बर्फबारी और बारिश के कारण मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। 28 और 29 अक्टूबर 2026 को लगातार हुई इस बर्फबारी से पूरी केदारघाटी और मंदिर परिसर बर्फ की सफेद चादर से ढक गया है। इस ताजा बर्फबारी के कारण तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है और जिससे धाम औऱ घाम के आस-पास कड़ाके की ठंड शुरू हो गई है। वहीं इस भीषण ठंड और रास्तों में बर्फ होने के बावजूद बाबा केदार के दर्शन के लिए देश-विदेश से पहुंच रहे श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी नहीं आई है।
Weather Alert : गंगोत्री धाम लगातार बर्फबारी
वहीं उत्तरकाशी जिले में स्थित गंगोत्री धाम, यमुनोत्री की ऊंची चोटियों पर भी लगातार बर्फबारी हो रही है, बर्फबारी के कारण मंदिर परिसर और आस-पास की पहाड़ियां पूरी तरह सफेद हो चुकी हैं। तापमान शून्य के करीब पहुंच गया है। लेकिन कड़ाके की ठंड के बावजूद भी श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ है और वे बर्फबारी के बीच मां गंगा और यमुना के दर्शन कर रहे हैं।
चारधाम यात्रा के इस अंतिम चरण में भी मंदिर परिसर में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ रही है। रुद्रप्रयाग जिला प्रशासन और पुलिस ने यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए विशेष चेतावनी जारी की है। श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले मौसम की ताजा जानकारी लें।
यात्रियों को अपने साथ पर्याप्त मात्रा में गर्म कपड़े (जैसे जैकेट, टोपी, दस्ताने) और आवश्यक दवाइयां रखने की सख्त सलाह दी गई है। इसके अलावा, मौसम खराब होने की स्थिति में अनावश्यक जोखिम न उठाने और पुलिस के निर्देशों का पालन करने को कहा गया है। मौसम विभाग ने पहाड़ी इलाकों और ऊंचाई वाले क्षेत्रों के लिए अलर्ट जारी रखा है, जिससे आने वाले दिनों में ठंड का प्रकोप और बढ़ सकता है।
पढे़ – Rishikesh-Karnprayag Highway: क्या ऑल वेदर रोड से बदलेगा उत्तराखंड का विंटर टूरिज्म?
