होली को लेकर देहरादून पुलिस अलर्ट मोड पर, जिलेभर में कड़ी निगरानी…

Police On High Alert Ahead of Holi Celebrations : होली के त्योहार से पहले देहरादून पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गई है। जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा सुरक्षा प्लान लागू कर दिया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने स्पष्ट संदेश दिया है कि त्योहार की आड़ में कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

आपको बता दें, प्रशासन ने सुरक्षा प्रबंधन को मजबूत बनाने के लिए पूरे जनपद को 3 सुपर जोन, 8 जोन, 21 सेक्टर और 53 उप-सेक्टर में विभाजित किया है। अलग-अलग क्षेत्रों में वरिष्ठ अधिकारियों की तैनाती की गई है ताकि हर गतिविधि पर नजर रखी जा सके। साथ ही संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया है।

इसके अलावा पुलिस ने बीते वर्षों की घटनाओं का विश्लेषण कर संभावित उपद्रवियों को चिह्नित किया है। ऐसे व्यक्तियों के खिलाफ अग्रिम निरोधात्मक कार्रवाई की गई है। सभी थाना क्षेत्रों में शांति समिति की बैठकों के माध्यम से नागरिकों से भाईचारा बनाए रखने की अपील भी की गई है।

मोबाइल पुलिस टीमें लगातार गश्त कर रही हैं, जबकि पीसीआर वाहन हर क्षेत्र में तैनात किए गए हैं ताकि किसी भी सूचना पर तुरंत प्रतिक्रिया दी जा सके। इसके साथ ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर 24 घंटे नजर रखी जा रही है। अफवाह फैलाने या भड़काऊ पोस्ट साझा करने वालों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Srishti
Srishti