Badrinath Kapat Opened For Devotees : बद्रीनाथ धाम के कपाट आज श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए हैं। इस मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान बद्री विशाल के दर्शन किए। कपाट खुलते ही बद्रीनाथ धाम प्रांगण जयकारों से गूंज उठा।
आपको बता दें कि भगवान बद्री विशाल के कपाट 23 अप्रैल सुबह 6:15 बजे बैसाख मास शुक्ल पक्ष पुनर्वसु नक्षत्र व स्वार्थ सिद्ध योग में पूरे विधि विधान के साथ श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए हैं। इस मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बद्रीनाथ धाम पहुंचे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से श्री हरि विष्णु की पहले पूजा की।
बता दें, कपाट खुलने के अवसर पर मंदिर परिसर से लेकर प्राचीन मठ मंदिरों तक 25 कुंतल ऑर्किड और गेंदे के फूलों से सजाया गया।
इस दौरान सीएम धामी ने x पर पोस्ट करते हुए कहा कि भगवान श्रीहरि विष्णु की पवित्र भूमि श्री बदरीनाथ धाम के कपाटोद्घाटन के शुभ अवसर पर उपस्थित रहने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। हिमालय की गोद में स्थित यह दिव्य धाम करोड़ों श्रद्धालुओं की अटूट श्रद्धा, सनातन परंपरा और आध्यात्मिक चेतना का जीवंत प्रतीक है। इस पावन अवसर पर अलौकिक भक्ति, दिव्य ऊर्जा और अद्भुत आध्यात्मिक अनुभूति ने मन को भावविभोर कर दिया।
