‘Self-Enumeration’ to Begin on 16 November : उत्तराखंड में जनगणना 2027 के दूसरे चरण (जनसंख्या गणना) के तहत घर बैठे ऑनलाइन ब्योरा दर्ज करने (स्व-गणना) की सुविधा 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक उपलब्ध रहेगी। देश की इस पहली पूर्ण डिजिटल जनगणना में नागरिक भारत की जनगणना के आधिकारिक पोर्टल (se.census.gov.in) के माध्यम से स्वयं अपना और अपने परिवार का विवरण भर सकेंगे। इसके बाद 1 दिसंबर से 4 जनवरी 2027 तक जनगणना कार्मिक घर-घर जाकर जनगणना का कार्य संपन्न करेंगे। वहीं इसके बाद 5 जनवरी से 9 जनवरी 2027 तक आंकड़ों के पुनरीक्षण का कार्य किया जाएगा।
अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं जिला जनगणना अधिकारी कृष्ण कुमार मिश्रा ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि जनगणना के द्वितीय चरण को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि जनगणना की प्रक्रिया और स्व-गणना के महत्व के संबंध में आमजन को जागरूक किया जाए। इसके लिए व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक नागरिक निर्धारित अवधि में स्व-गणना प्रक्रिया में भागीदारी कर सकें।
उन्होंने आमजन से जनगणना कार्य में सक्रिय सहयोग करने की अपील की, ताकि जिले में जनगणना का कार्य पारदर्शी, व्यवस्थित और निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जा सके। प्रशासन का जोर जनसहभागिता बढ़ाने और प्रत्येक परिवार तक जनगणना प्रक्रिया की जानकारी पहुंचाने पर है।
पढे़ – भैया दूज के पावन अवसर पर केदारनाथ और यमुनोत्री धाम के कपाट शीतकाल के लिए हुए बंद…
