आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को बड़ी सौगात, अब हर साल मिलेगा सुपरवाइजर पद पर प्रमोशन…

Annual Promotion for Anganwadi Workers : प्रदेश में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए अच्छी खबर सामने आई है। महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग ने सुपरवाइजर पदों पर पदोन्नति के नियमों में बदलाव की तैयारी कर ली है।

महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या के अनुसार सुपरवाइजर नियमावली में संशोधन का प्रस्ताव कैबिनेट के सामने रखा जाएगा। इस बदलाव के बाद सुपरवाइजर के 50% पद आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को पदोन्नति के आधार पर दिए जाएंगे।

आपको बता दें, प्रदेश में वर्तमान में 20 हजार से अधिक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता कार्यरत हैं। फिलहाल नियमावली के अनुसार सुपरवाइजर पदों पर 40 प्रतिशत कोटा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और 10 प्रतिशत मिनी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए आरक्षित है, जबकि 50 प्रतिशत पद सीधी भर्ती से भरे जाते हैं। लेकिन अब केंद्र सरकार की मंजूरी के बाद राज्य की सभी 5120 मिनी आंगनबाड़ियां उच्चीकृत होकर नियमित आंगनबाड़ी केंद्रों में बदल चुकी हैं। ऐसे में मिनी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का अलग कोटा भी समाप्त हो गया है।

जिसके बाद मंत्री ने स्पष्ट किया कि नए संशोधन के बाद हर साल आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सुपरवाइजर बनने का अवसर मिलेगा। पहले जहां पदोन्नति के लिए 10 से 20 साल का इंतजार करना पड़ता था और कई कार्यकर्ता बिना प्रमोशन के ही रिटायर हो जाती थीं, वहीं अब खाली पदों पर नियमित रूप से प्रमोशन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

Srishti
Srishti