Badrinath Dham doors will close today : उत्तराखंड के चमोली जिले में स्थित प्रसिद्ध बदरीनाथ धाम के कपाट आज सोमवार यानी 16 नवंबर 2026 को रात 9 बजकर 37 मिनट पर शीतकाल के लिए विधि-विधान के साथ बंद कर दिए जाएंगे। बदरीनाथ धाम के कपाट बंद होने के साथ ही इस साल की चारधाम यात्रा 2026 का विधिवत समापन हो जाएगा। कपाट बंद होने से पहले दिन भर मंदिर में विशेष धार्मिक अनुष्ठान और भगवान बदरीविशाल का विशेष श्रृंगार किया जाएगा। वहीं परंपरा के अनुसार, मुख्य पुजारी (रावल) स्त्री रूप (माता लक्ष्मी का वेश) धारण कर माता लक्ष्मी को गर्भगृह में विराजमान करेंगे।
छह महीनों तक श्रद्धालु शीतकालीन गद्दीस्थलों पर कर सकेंगे पूजा-अर्चना
इस मौके पर मंदिर परिसर को फूलों से भव्य रूप से सजाया गया है। इस पल के साक्षी बनने के लिए हजारों की संख्या में श्रद्धालु भगवान बदरी विशाल के धाम में मौजूद हैं। इसके साथ ही मंदिर परिसर सेना के बैंड की मधुर धुनों और ‘जय बदरी विशाल’ के जयकारों से गूंज रहा है।
कपाट बंद होने के बाद कल मंगलवार यानी 17 नवंबर को भगवान उद्धव, कुबेर और आदि गुरु शंकराचार्य की डोली अपने शीतकालीन प्रवास (पांडुकेश्वर और जोशीमठ स्थित नृसिंह मंदिर) के लिए प्रस्थान करेगी। आज रात कपाट बंद होने के बाद अगले छह महीनों तक धाम में नियमित दर्शन बंद रहेंगे और श्रद्धालु शीतकालीन गद्दीस्थलों पर पूजा-अर्चना कर सकेंगे। बता दे इस यात्रा सीजन में अब तक 23 लाख 21 हजार से अधिक श्रद्धालु भगवान बदरीविशाल के दर्शन कर चुके हैं।
आपको बता दे धाम के कपाट बंद होने की इस पावन तिथि की घोषणा बीते 20 अक्टूबर को विजयादशमी के शुभ अवसर पर की गई थी। मंदिर परिसर में आयोजित एक भव्य धार्मिक समारोह में हक-हकूकधारी तीर्थ पुरोहितों की मौजूदगी में मुख्य पुजारी रावल और धर्माधिकारी ने भगवान बदरी-विशाल के विशेष भोग व पंचांग गणना के बाद आज का यह शुभ मुहूर्त निकाला था।
जिसके बाद आज मुख्य पुजारी रावल स्त्री भेष धारण कर माता लक्ष्मी को भगवान बदरी विशाल के गर्भगृह में विराजमान करेंगे। इसके बाद भगवान को घृत कंबल ओढ़ाया जाएगा और अखंड ज्योति प्रज्वलित कर रात 9:37 बजे मुख्य कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे।
पढे़ – मसूरी की कृत्रिम झील में उगते सूर्य को अर्घ्य, 36 घंटे के निर्जला व्रत के बाद छठ महापर्व का समापन…
