मसूरी की कृत्रिम झील में उगते सूर्य को अर्घ्य, 36 घंटे के निर्जला व्रत के बाद छठ महापर्व का समापन…

the Chhath festival concludes after a 36-hour fast: पहाड़ों की रानी मसूरी में लोक आस्था और सूर्य उपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ संपन्न हो गया। इस अवसर पर व्रतियों ने पिक्चर पैलेस पार्किंग में बनाई गई कृत्रिम झील में खड़े होकर विधि-विधान से भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया और छठी मैया की पूजा-अर्चना की। इसके साथ ही व्रतियों का करीब 36 घंटे से चल रहा कठिन निर्जला उपवास भी पूरा हो गया।

मसूरी में नदियों और प्राकृतिक जलाशयों की कमी के बावजूद छठ पर्व को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। मसूरी ट्रेडर्स एंड वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से पिक्चर पैलेस पार्किंग में कृत्रिम झील तैयार कराई गई, ताकि बिहार और पूर्वांचल से यहां आकर बसे परिवार अपनी धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं के अनुसार पर्व मना सकें। रविवार शाम को व्रतियों ने अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य दिया था। इसके बाद सोमवार सुबह उगते सूर्य को दूसरा अर्घ्य देकर चार दिवसीय अनुष्ठान पूरा किया।

छठ पूजा के दौरान व्रती महिलाओं और पुरुषों ने परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की लंबी आयु, अच्छे स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की। पूजा में फल, ठेकुआ और पारंपरिक प्रसाद का विशेष महत्व रहा। उगते सूर्य को अर्घ्य देने और पूजा-अर्चना पूरी करने के बाद व्रतियों ने प्रसाद ग्रहण कर 36 घंटे के निर्जला व्रत का पारण किया। इस दौरान छठी मैया के जयकारों और पारंपरिक गीतों के माध्यम से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।

छठ महापर्व का समापन केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक ही नहीं, बल्कि सामाजिक एकता और सांस्कृतिक सौहार्द का भी संदेश देता है। मसूरी में कृत्रिम झील तैयार कर छठ पूजा का आयोजन इस बात का उदाहरण बना कि अपनी परंपराओं और संस्कृति को लेकर लोगों का उत्साह भौगोलिक परिस्थितियों से प्रभावित नहीं होता। स्थानीय लोगों और व्यापारियों के सहयोग से प्रवासी परिवारों को अपने घर-प्रदेश से दूर भी पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ छठ महापर्व मनाने का अवसर मिला।

पढ़े – https://theindiainsights.com/kedarnath-dham-door-have-been-closed/

Aarti Rawat
Aarti Rawat