BRICS Summit 2026: Putin arrives in Delhi: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ब्रिक्स शिखर सम्मेलन 2026 में हिस्सा लेने के लिए आज शुक्रवार तड़के नई दिल्ली पहुंचे। पालम एयरपोर्ट पर केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने उनका स्वागत किया। पुतिन के भारत पहुंचने के बाद अब PM नरेंद्र मोदी के साथ उनकी अहम द्विपक्षीय बैठक पर सभी की नजरें हैं। इस मुलाकात में दोनों नेताओं के बीच रक्षा सहयोग, व्यापार, आर्थिक रिश्तों और ऊर्जा समेत कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है।
विदेश मंत्रालय ने भारत और रूस के बीच लंबे समय से चले आ रहे मजबूत रिश्तों को रेखांकित किया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए पुतिन का स्वागत करते हुए दोनों देशों की साझेदारी को बहुआयामी और दीर्घकालिक बताया। वहीं, पुतिन के दौरे के दौरान रणनीतिक व्यापार, क्रॉस-बॉर्डर पेमेंट सिस्टम और ऊर्जा सुरक्षा जैसे मुद्दे भी बातचीत के केंद्र में रह सकते हैं। इसके अलावा पूर्वी यूरोप और पश्चिम एशिया में जारी भू-राजनीतिक तनाव पर भी दोनों पक्षों के बीच विचार-विमर्श होने की संभावना है। https://x.com/MEAIndia/status/2098181252503466333
क्रेमलिन के मुताबिक, पुतिन 11 सितंबर को ब्रिक्स बिजनेस फोरम के पूर्ण सत्र को संबोधित करेंगे। यह मंच ब्रिक्स देशों के प्रमुख कारोबारी प्रतिनिधियों को एक साथ लाता है। इसके बाद वह प्रधानमंत्री मोदी के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे। पुतिन के कार्यक्रम में रूस और भारत के उद्योग एवं व्यापार मंत्रालयों की ओर से आयोजित ‘इन्नोप्रोम इंडिया’ औद्योगिक व्यापार मेले का दौरा भी शामिल है।
भारत की अध्यक्षता में होने वाले ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में व्यापार, डिजिटल टेक्नोलॉजी, वित्त, ऊर्जा सुरक्षा और वैश्विक शासन में सुधार जैसे मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है। मजबूत ग्लोबल सप्लाई चेन, राष्ट्रीय मुद्राओं में कारोबार, सीमा-पार भुगतान व्यवस्था, MSME विकास और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे विषय भी एजेंडे में अहम रहेंगे। इसके साथ ही जलवायु परिवर्तन, विकास वित्त और न्यू डेवलपमेंट बैंक के विस्तार पर भी सदस्य देशों के बीच बातचीत हो सकती है।
