Mock drills will be held simultaneously in 13 districts of Uttarakhand on November 28: उत्तराखंड के सभी 13 जिलों में 28 नवंबर को ‘आपदा प्रबंधन दिवस’ के अवसर पर लगभग 250 से 300 स्थानों पर एक साथ राज्य स्तरीय मेगा मॉक ड्रिल का आयोजन किया जाएगा। यह दिन इसलिए खास है क्योंकि 28 नवंबर को ही उत्तरकाशी स्थित सिल्क्यारा सुरंग रेस्क्यू अभियान की ऐतिहासिक सफलता की वर्षगांठ मनाई जाती है।साल 2023 में 17 दिनों तक चले कठिन रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद 28 नवंबर को ही सिल्क्यारा सुरंग में फंसे 41 श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकाला गया था।
इसी सफलता की याद में उत्तराखंड सरकार ने हर साल 28 नवंबर को प्रदेश में ‘आपदा प्रबंधन दिवस’ मनाने का निर्णय लिया है। उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (USDMA) के अनुसार, इसका उद्देश्य आपदा की सूचना मिलने से लेकर त्वरित प्रतिक्रिया, आपातकालीन संचार, संसाधनों की तैनाती और विभिन्न विभागों के बीच तालमेल की जांच करना है।राज्य में पहली बार राज्य स्तर से लेकर तहसील स्तर तक इतने बड़े पैमाने पर एक साथ अभ्यास किया जा रहा है। मुख्य मेगा ड्रिल से पहले 25 से 27 नवंबर के बीच भी प्रत्येक जिले में रोजाना न्यूनतम 8 से 10 स्थानों (जैसे अस्पताल, स्कूल, सुरंग, पावर प्रोजेक्ट और भीड़भाड़ वाले इलाके) पर अभ्यास किए जाएंगे।
उत्तराखंड की भौगोलिक संवेदनशीलता को देखते इस दौरान भूकंप, भूस्खलन, बादल फटना, अचानक बाढ़, हिमस्खलन, ग्लेशियल लेक आउटबर्स्ट (GLOF), जंगल की आग, टनल व सड़क दुर्घटना, और भगदड़ जैसी आपात स्थितियों से निपटने का अभ्यास होगा। इस अभियान में SDRF, NDRF, ITBP, पुलिस, अग्निशमन, स्वास्थ्य विभाग, स्थानीय प्रशासन के साथ-साथ NCC, NSS, आपदा मित्र और स्वयंसेवी संस्थाएं सक्रिय रूप से शामिल होंगी। इसके अलावा जिला मुख्यालयों पर आधुनिक राहत-बचाव उपकरणों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।
पढ़े –https://theindiainsights.com/badrinath-dham-doors-closed-chardham-yatra-2026-concluded/
