Car plunges into 35-meter-deep gorge, 5 injured: देहरादून जिले में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। चकराता क्षेत्र में लालपुल के पास शनिवार को एक कार अनियंत्रित होकर करीब 35 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के वक्त कार में 5 लोग सवार थे। दुर्घटना में दो लोगों को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि तीन अन्य को सामान्य चोटें बताई जा रही हैं। सभी घायलों को रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, कार सवार चकराता घूमने के लिए जा रहे थे। लालपुल के पास अचानक कार अनियंत्रित हो गई और सड़क से नीचे खाई में जा गिरी। हादसे की जानकारी स्थानीय लोगों ने 112 के माध्यम से पुलिस को दी। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ चकराता की टीम उप निरीक्षक जसपाल सिंह के नेतृत्व में घटनास्थल के लिए रवाना हुई। स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
घटनास्थल पर पहुंचने पर एसडीआरएफ टीम को कार संख्या DL9C 8092 सड़क से करीब 35 मीटर नीचे खाई में मिली। इसके बाद एसडीआरएफ और पुलिस ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान शुरू किया। टीम के जवान खाई में उतरे और सभी घायलों तक पहुंच बनाई। काफी मशक्कत के बाद पांचों घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भेजा गया।
सहिया पुलिस चौकी प्रभारी संदीप पंवार ने बताया कि कार में तीन पुरुष और दो महिलाएं सवार थीं। उनके अनुसार, सभी लोग चकराता घूमने जा रहे थे। लालपुल के पास कार अनियंत्रित होने के कारण यह हादसा हुआ। घायलों को तत्काल रेस्क्यू कर अस्पताल भेज दिया गया है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की डॉक्टर हुमा परवीन के मुताबिक, हादसे में घायल चार लोगों को प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है। पुलिस फिलहाल दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
घायलों के नाम
- रोहन कुमार (23), निवासी नई दिल्ली
- अभिषेक दुबे (26), निवासी रोहिणी, दिल्ली
- अभिषेक (26), निवासी नोएडा, उत्तर प्रदेश
- शिवानी सिंह (22), निवासी वाराणसी, उत्तर प्रदेश
- प्रिंस राज (22), निवासी वाराणसी, उत्तर प्रदेश
