CM Dhami to arrive in Nainital : प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शनिवार 29 अगस्त यानी आज एक दिवसीय दौरे पर नैनीताल पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने कार्यक्रम जारी कर दिया है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सीएम धामी सुबह रुद्रपुर के डीपीएस स्कूल मैदान से हेलीकॉप्टर के जरिए हल्द्वानी गौलापार के लिए रवाना होंगे और दोपहर 12 बजे गौलापार स्टेडियम हैलीपैड पहुंचेंगे।
इसके बाद मुख्यमंत्री कार से उत्तराखंड राज्य क्रीड़ा विश्वविद्यालय के लिए रवाना होंगे और पांच मिनट बाद विश्वविद्यालय परिसर पहुंकर मुख्यमंत्री आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान उत्तराखंड राज्य क्रीड़ा विश्वविद्यालय के भूमि-पूजन और शिलान्यास के साथ ही राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में भी शामिल होंगे और 2 बजे क्रीड़ा विश्वविद्यालय से हल्द्वानी के आईटीडीसी फॉर्च्यून के लिए रवाना होंगे।
खेल विश्वविद्यालय से खिलाड़ियों को मिलेगा लाभ
इस दौरान मुख्यमंत्री उद्योग और व्यापार जगत से जुड़े लोगों से संवाद करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री आईटीडीसी फॉर्च्यून से आनंद बाग, जिला सहकारी बैंक के पास पहुंचेंगे और वहां आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगे। वहीं शाम 4 बजे मुख्यमंत्री आनंद बाग से मुखानी के लिए रवाना होंगे। यहां कार्यक्रम में शामिल होने के बाद मुख्यमंत्री एफटीआई हैलीपैड के लिए रवाना होंगे। जहां से सीएम धामी हेलीकॉप्टर से देहरादून के लिए रवाना हो जाएंगे।
आपको बता दे कि उत्तराखंड को राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर प्रदेश की पहली खेल यूनिवर्सिटी की सौगात मिलेगी। हल्द्वानी गौलापार में बने खेल विश्वविद्यालय से प्रदेश के खिलाड़ियों को लाभ मिलेगा। खेल यूनिवर्सिटी के शिलान्यास के लिए गौलापार स्थित अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में भव्य समारोह का आयोजन किया जाएगा, जिसके लिए पूर्व में ही तैयारियां पूरी कर ली गई थी। इसके साथ ही खेल विश्वविद्यालय के लिए कुलपति समेत 94 पदों को भी स्वीकृति मिल गई है।
