Dehradun: पलटन बाजार में ट्रैफिक पर सख्ती सुबह 11 से शाम 7 बजे तक वाहनों की नो एंट्री…

Dehradun: no entry for vehicles from 11am to 7pm: त्योहारी सीजन में बाजारों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने यातायात व्यवस्था और आमजन की सुरक्षा को लेकर सख्ती शुरू कर दी है। देहरादून के पलटन बाजार में सुबह 11 बजे से शाम 7 बजे तक वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देश पर जारी इस व्यवस्था का उद्देश्य बाजार में खरीदारी के लिए आने वाले लोगों को सुगम आवागमन उपलब्ध कराना और भीड़ के बीच यातायात संबंधी परेशानियों को कम करना है।

प्रशासन ने व्यापारियों से कहा है कि दुकानों पर सामान लाने और ले जाने का काम सुबह 11 बजे से पहले या शाम 7 बजे के बाद ही किया जाए। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व केके मिश्रा की अध्यक्षता में पुलिस, प्रशासन, नगर निगम और व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों के साथ हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया। अधिकारियों के अनुसार, त्योहारों के दौरान बाजार में लोगों की आवाजाही बढ़ जाती है, ऐसे में पैदल चलने वालों को पर्याप्त जगह देना और आपातकालीन परिस्थितियों में रास्ता खुला रखना जरूरी है।

पलटन बाजार समेत शहर के अन्य प्रमुख और व्यस्त बाजारों में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया जाएगा। दुकानों के बाहर अनावश्यक रूप से सामान रखने, रेहड़ी-ठेली लगाने और रास्ते में बाधा उत्पन्न करने वाले अन्य अवरोधों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने पुलिस और नगर निगम के अधिकारियों को नियमित निगरानी रखने तथा जरूरत पड़ने पर संयुक्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

जिला प्रशासन ने व्यापारियों से अपनी दुकानों के बाहर सामान न रखने और बाजार में आवागमन के लिए निर्धारित स्थान को खाली रखने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने, पैदल चलने वालों की सुविधा और जनसुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी संबंधित विभागों के साथ-साथ व्यापारियों का सहयोग भी जरूरी है। ऐसे में पलटन बाजार जाने वाले लोगों को सलाह है कि वे वाहन प्रवेश संबंधी प्रतिबंध का ध्यान रखकर अपनी खरीदारी की योजना बनाएं।

पढ़े –https://theindiainsights.com/religious-curriculum-prepared-in-uttarakhand/

Aarti Rawat
Aarti Rawat