Dhami कैबिनेट आज करेगी मंथन, कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मिल सकती है मंजूरी l

Dhami Cabinet to deliberate today: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में मंगलवार को सचिवालय में मंत्रिमंडल की अहम बैठक होने जा रही है। बैठक सुबह 10:30 बजे शुरू होगी। माना जा रहा है कि इसमें कई महत्वपूर्ण विभागीय प्रस्तावों पर चर्चा के साथ उन्हें मंजूरी दी जा सकती है। आगामी विधानसभा मानसून सत्र के मद्देनजर भी यह बैठक काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। बैठक में मानसून सत्र की तारीख और स्थान को लेकर भी चर्चा होने की संभावना है।

कैबिनेट में स्वास्थ्य विभाग के एक अहम प्रस्ताव पर भी चर्चा हो सकती है। प्रस्ताव के अनुसार राजकीय मेडिकल कॉलेजों से एमबीबीएस करने वाले छात्रों को पर्वतीय क्षेत्रों में कम से कम तीन साल तक अनिवार्य सेवा देनी होगी। तीन साल की सेवा पूरी करने के बाद ही उन्हें पोस्ट ग्रेजुएशन के लिए अनुमति दी जाएगी, जिससे पहाड़ों में डॉक्टरों की कमी को दूर करने में मदद मिल सके।

इसके अलावा प्रदेश के संविदा कर्मचारियों के नियमितीकरण से जुड़े मामले पर भी कैबिनेट में चर्चा हो सकती है। परिवहन, शहरी विकास, उद्योग, कार्मिक, स्वास्थ्य, शिक्षा और आवास विभाग से संबंधित कई प्रस्ताव बैठक में रखे जाने की संभावना है।

राज्य में बढ़ती महंगाई और खाद्य पदार्थों की कीमतों को लेकर भी सरकार चर्चा कर सकती है। खास तौर पर चीनी की कीमत, जमाखोरी और बाजार में इसकी उपलब्धता से जुड़े मुद्दे पर विचार हो सकता है। वहीं, उत्तराखंड परिवहन निगम के कर्मचारियों को पिछले कुछ महीनों से वेतन नहीं मिलने का मामला भी बैठक में उठ सकता है। आगामी त्योहारों को देखते हुए कर्मचारियों के वेतन भुगतान के लिए सरकार धनराशि जारी करने पर निर्णय ले सकती है।

महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग से जुड़े ‘आलंबन गांव योजना’ के तहत जमीन उपलब्ध कराने का प्रस्ताव भी कैबिनेट के सामने आ सकता है। इसके अलावा नियोजन विभाग की ओर से तैयार विभिन्न नीतियों पर भी चर्चा संभव है।

ईवी पॉलिसी को मंजूरी देने के साथ ही शिक्षा विभाग में शिक्षकों के तबादलों में पारदर्शिता लाने से जुड़े प्रस्ताव पर भी कैबिनेट की मुहर लग सकती है। ऐसे में आज होने वाली बैठक में सरकार कई महत्वपूर्ण नीतिगत और प्रशासनिक फैसले ले सकती है।

Srishti
Srishti