Dimple Yadav writes letter to CM Dhami for Ankita Bhandari justice : चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय मिलने में हो रही देरी को लेकर मैनपुरी से लोकसभा सांसद डिंपल यादव ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र भेजकर मामले की न्यायिक प्रक्रिया में तेजी लाने, CBI जांच को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने और दोषियों को जल्द सजा दिलाने के लिए प्रभावी कदम उठाने का आग्रह किया है।
लिखे पत्र में डिंपल यादव ने कहा है कि उत्तराखंड की बेटी अंकिता भंडारी की निर्मम हत्या ने पूरे देश को झकझोर दिया था। घटना के बाद लोगों को भरोसा दिलाया गया था, कि दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी, लेकिन लंबे समय बाद भी न्यायिक प्रक्रिया की धीमी गति को लेकर लगातार चिंताएं सामने आ रही हैं।
सांसद डिंपल यादव ने पीड़ित परिवार से की बातचीत
सांसद ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि हाल ही में उनकी पीड़ित परिवार से बातचीत हुई। परिवार आज भी बेटी को न्याय मिलने की प्रतीक्षा कर रहा है और न्यायिक प्रक्रिया में हो रही देरी को लेकर गहरी चिंता जता रहा है। उन्होंने कहा कि परिवार का मानना है कि जब तक दोषियों को दंड नहीं मिलता, तब तक उनकी पीड़ा कम नहीं हो सकती।
पत्र में यह भी कहा गया है कि पीड़ित परिवार ने मामले में कुछ प्रभावशाली व्यक्तियों की संभावित भूमिका को लेकर आशंकाएं व्यक्त की हैं, जिनकी जांच फिलहाल CBI कर रही है। ऐसे में परिवार की अपेक्षा है कि जांच और न्यायिक प्रक्रिया को समयबद्ध ढंग से पूरा कर सभी तथ्यों को सार्वजनिक किया जाए, ताकि सत्य सामने आ सके और किसी भी दोषी को संरक्षण न मिले।
राज्य सरकार इस मामले की गंभीरता को देखे – सांसद डिंपल यादव
सांसद डिंपल यादव ने सीएम धामी को लिखा कि महिलाओं की सुरक्षा और न्याय व्यवस्था में जनता का विश्वास बनाए रखने के लिए ऐसे संवेदनशील मामलों का त्वरित निस्तारण आवश्यक है। उन्होंने अनुरोध किया कि राज्य सरकार इस मामले की गंभीरता को देखते हुए न्यायिक प्रक्रिया में तेजी लाने, CBI जांच को समयबद्ध रूप से पूरा कराने तथा दोषियों को शीघ्र दंड सुनिश्चित कराने के लिए आवश्यक और प्रभावी कदम उठाए।
