E-Health System For Chardham Yatra : उत्तराखंड में चारधाम यात्रा जल्द ही शुरू होने वाली हैं। जिसके लिए राज्य सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसके साथ ही तीर्थयात्रियों की सेहत पर नजर रखने के लिए ‘ई-स्वास्थ्य धाम’ पोर्टल के जरिए उनकी स्वास्थ्य स्थिति की रियल टाइम निगरानी करने की व्यवस्था भी की गई है।
आपको बता दें, चारधाम यात्रा में इस साल आपात स्थितियों से निपटने के लिए यात्रा मार्ग पर 177 एंबुलेंस तैनात रहेंगी। साथ ही गंभीर मामलों में हेली एंबुलेंस की सुविधा भी उपलब्ध होगी। वहीं, टिहरी क्षेत्र में एक बोट एंबुलेंस और एक हेली एंबुलेंस सक्रिय रखी जाएगी, जिसका संचालन एम्स ऋषिकेश द्वारा किया जाएगा।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के अनुसार, यात्रा मार्गों, प्रमुख पड़ावों और चारों धामों में चिकित्सा सुविधाओं को पूरी तरह दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं। स्थायी और अस्थायी चिकित्सा केंद्रों पर अनुभवी डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी।
इसके साथ ही यात्रा के दौरान 25 मेडिकल रिलीफ पोस्ट और 33 हेल्थ स्क्रीनिंग केंद्र स्थापित किए जाएंगे, जहां श्रद्धालुओं की नियमित जांच की जाएगी, विशेषकर ऊंचाई से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं को ध्यान में रखते हुए।
इसके अलावा 16 विशेषज्ञ डॉक्टर, 46 चिकित्सा अधिकारी और 85 पैरामेडिकल कर्मी 15 दिन के रोस्टर पर कार्य करेंगे। साथ ही, 100 ‘स्वास्थ्य मित्र’ भी यात्रा मार्गों पर मौजूद रहेंगे, जो जरूरत पड़ने पर यात्रियों की सहायता करेंगे।
