Fire breaks out at BM Hyundai Car Service Center : देहरादून के सुभाषनगर (चंद्रमणि चौक) स्थित BM Hyundai कार सर्विस सेंटर और शोरूम में आज गुरूवार सुबह करीब 5 बजे भीषण आग लग गई। आग इतनी विकराल थी कि इसकी लपटें बिल्डिंग से भी ऊपर उठ रही थीं और आसमान में काले धुएं के गुबार उठने लगे। वहीं आग की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं।
मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड टीम
आग की भयावहता को देखते हुए फायर ब्रिगेड विभाग द्वारा लगभग 35 से 40 गाड़ियों को काम पर लगाया गया। कई घंटों की भारी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर पूरी तरह काबू पाया। शुरुआती तौर पर आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस और दमकल विभाग शॉर्ट सर्किट समेत अन्य संभावित कारणों की जांच कर रहे हैं।
शुरुआती खबरों के मुताबिक, सर्विस सेंटर और शोरूम परिसर में बड़ी संख्या में गाड़ियां और स्पेयर पार्ट्स मौजूद थे। जिसमें से कम से कम 8 कारें जलकर खाक हो चुकी हैं और करोड़ों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
वहीं राहत की बात यह है कि इस घटना में फिलहाल किसी भी व्यक्ति के हताहत या घायल होने की खबर नहीं है।
पढ़े – देहरादून में BJP पार्षद के घर चोरी, परिवार को नशीला पदार्थ पिलाकर की लूट…
