देहरादून में BJP पार्षद के घर चोरी, परिवार को नशीला पदार्थ पिलाकर की लूट…

Theft at BJP councillor’s home in Dehradun : देहरादून के बसंत विहार क्षेत्र में वार्ड 36 (विजय पार्क) की भाजपा पार्षद अमिता सिंह के घर लाखों रुपये की चोरी (लूट) की बड़ी वारदात सामने आई है। वारदात को अंजाम देने का मुख्य आरोप उनके नौकर पर लगा है, जिसे कुछ ही दिन पहले एक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से काम पर रखा गया था। शुरुआती जानकारी के अनुसार, वारदात को अकेले नौकर ने अंजाम नहीं दिया था।

आरोपी नौकर ने रात के समय परिवार के खाने या पेय पदार्थ में नशीला पदार्थ मिला दिया। इसे खाने के बाद पार्षद अमिता सिंह, उनके पति महिपाल सिंह और बेटे शुभम सिंह बेहोश हो गए। परिवार के बेहोश होने के बाद उसने अपने कुछ अन्य साथियों को भी घर पर बुला लिया था और सभी ने मिलकर इत्मीनान से करीब एक घंटे तक पूरे घर में लूटपाट की। बता दे आरोपी अलमारी और लॉकर खंगालकर उसमें रखी लाखों रुपये की नकदी (कैश) और सोने-चांदी के कीमती आभूषण लेकर फरार हो गए।

BJP पार्षद अमिता सिंह की बिगड़ी तबीयत

वहीं नशीले पदार्थ के सेवन के कारण भाजपा पार्षद अमिता सिंह की तबीयत काफी बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें तुरंत सिनर्जी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। उनके पति और बेटे की हालत फिलहाल ठीक बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार नौकर व उसके साथियों की तलाश के लिए टीमें लगा दी गई हैं। आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) फुटेज को भी खंगाला जा रहा है।
बताया जा रहा है कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी एक साथ नहीं भागे, सभी अलग-अलग दिशाओं में निकल गए, ताकि किसी को संदेह न हो और पुलिस को उनकी तलाश में परेशानी हो।

पढ़े – UPL क्लोजिंग में मासूम शर्मा की एंट्री पर बवाल, पुराने विवाद फिर चर्चा में…

Srishti
Srishti