भारत और यूरोप के बीच व्यापारिक रिश्तों को मिलेगी नई उड़ान, दिसंबर में FTA पर लग सकती है मुहर…

FTA may be approved in December: भारत और यूरोपीय संघ (EU) के बीच लंबे समय से प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते (Free Trade Agreement-FTA) को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। भारत और यूरोपीय संघ के बीच दिसंबर 2026 में इस ऐतिहासिक समझौते पर हस्ताक्षर होने की उम्मीद है। भारत में यूरोपीय संघ के राजदूत जीन-एरिक पकेट के अनुसार, दोनों पक्ष समझौते की कानूनी और तकनीकी प्रक्रियाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। यदि सब कुछ तय कार्यक्रम के अनुसार आगे बढ़ता है, तो यह समझौता 2027 के मध्य तक लागू हो सकता है।

इस समझौते से भारत और यूरोप के बीच व्यापारिक संबंधों को नई मजबूती मिलने की संभावना है। FTA के तहत भारतीय उत्पादों को यूरोपीय बाजार में बेहतर पहुंच मिलेगी और कई वस्तुओं पर आयात शुल्क में कटौती की जाएगी। इसका फायदा खासतौर पर कपड़ा, परिधान, चमड़ा, जूते, रत्न एवं आभूषण, समुद्री उत्पाद और इंजीनियरिंग जैसे क्षेत्रों को मिल सकता है। इससे भारतीय निर्यातकों को यूरोप के 27 देशों के बड़े बाजार में अपनी पहुंच बढ़ाने का अवसर मिलेगा।

भारत-EU FTA पर बातचीत जनवरी 2026 में भारत-EU शिखर सम्मेलन के दौरान पूरी हो गई थी। इसके बाद यूरोपीय आयोग ने सितंबर में समझौते को हस्ताक्षर के लिए यूरोपीय संघ की परिषद के समक्ष रखा। अब इस पर सदस्य देशों की मंजूरी और अन्य औपचारिक प्रक्रियाएं पूरी की जानी हैं। समझौते पर हस्ताक्षर होने के बाद यूरोपीय संसद की स्वीकृति भी जरूरी होगी। भारत में भी इसे लागू करने के लिए निर्धारित घरेलू मंजूरी प्रक्रिया पूरी करनी होगी।

विशेषज्ञों के मुताबिक, यह समझौता भारत के लिए वैश्विक व्यापार के नए अवसर खोल सकता है। इससे विदेशी निवेश को बढ़ावा मिलने, रोजगार के नए अवसर पैदा होने और भारतीय कंपनियों की अंतरराष्ट्रीय प्रतिस्पर्धा मजबूत होने की उम्मीद है। भारत और यूरोपीय संघ के बीच 2025 में वस्तुओं का द्विपक्षीय व्यापार करीब 118 अरब यूरो और सेवाओं का व्यापार 67 अरब यूरो रहा। ऐसे में प्रस्तावित FTA दोनों अर्थव्यवस्थाओं के बीच व्यापारिक साझेदारी को नई ऊंचाई देने में अहम भूमिका निभा सकता है।

पढ़े – https://theindiainsights.com/the-bjps-2027-hat-trick-plan-is-complete/

Aarti Rawat
Aarti Rawat