HNB extends PG registration deadline : हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 में प्रवेश को लेकर विश्वविद्यालय परिसरों तथा संबद्ध महाविद्यालयों एवं संस्थानों में संचालित विभिन्न स्नातकोत्तर एवं व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से जारी संशोधित प्रवेश परिपत्र के अनुसार अब अभ्यर्थी 7 अगस्त 2026 की रात 11:55 बजे तक ऑनलाइन पंजीकरण कर सकेंगे।
विवि द्वारा जारी सूचना के अनुसार यह तिथि-विस्तार विश्वविद्यालय प्रवेश परीक्षा (UET)-2026 में सम्मिलित सभी पात्र अभ्यर्थियों के लिए लागू होगा। जिन अभ्यर्थियों ने अभी तक पंजीकरण नहीं कराया है, उन्हें निर्धारित समय सीमा के भीतर SAMARTH प्रवेश पोर्टल के माध्यम से आवेदन प्रक्रिया पूरी करनी होगी। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि अंतिम तिथि के बाद किसी भी प्रकार के आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा, इसलिए सभी अभ्यर्थी समय रहते अपनी प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण कर लें।
पंजीकृत ई-मेल आईडी का सत्यापन अवश्य करें
विश्वविद्यालय के अनुसार इस प्रवेश प्रक्रिया के तहत पीजी के विभिन्न पाठ्यक्रमों के अलावा B.Ed., M.Ed., B.P.Ed., M.P.Ed., LLB, L.L.M तथा विभिन्न स्नातकोत्तर डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश दिए जाएंगे। अभ्यर्थियों को अपनी रुचि एवं पात्रता के अनुसार विश्वविद्यालय परिसर अथवा संबद्ध महाविद्यालय/संस्थान और संबंधित पाठ्यक्रम का चयन करना होगा।
इसके साथ ही प्रवेश प्रक्रिया को सुचारु एवं पारदर्शी बनाए रखने के लिए विश्वविद्यालय ने अभ्यर्थियों को कुछ महत्वपूर्ण निर्देश भी जारी किए हैं। विश्वविद्यालय ने कहा है कि ऑनलाइन पंजीकरण प्रारंभ करने से पहले सभी अभ्यर्थी पोर्टल पर उपलब्ध “Account Verification Code” विकल्प पर क्लिक कर अपनी पंजीकृत ई-मेल आईडी का सत्यापन अवश्य करें। ई-मेल सत्यापन के बाद अभ्यर्थी अपनी पंजीकृत ई-मेल आईडी को यूज़रनेम तथा यूईटी-2026 रोल नंबर #जन्म वर्ष को पासवर्ड के रूप में उपयोग करते हुए पोर्टल पर लॉगिन कर सकेंगे।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि आवेदन भरते समय सभी जानकारियों को सावधानीपूर्वक दर्ज करें। आवश्यक दस्तावेज निर्धारित प्रारूप में अपलोड करें। किसी भी प्रकार की त्रुटि भविष्य में प्रवेश प्रक्रिया को प्रभावित कर सकती है। इसलिए आवेदन अंतिम रूप से जमा करने से पहले सभी विवरणों का अच्छी तरह मिलान कर लें।
विश्वविद्यालय ने यह भी स्पष्ट किया है कि अभ्यर्थियों को प्रवेश से संबंधित सभी दिशा-निर्देश, पात्रता, सीट आवंटन, दस्तावेज सत्यापन एवं अन्य आवश्यक सूचनाओं के लिए नियमित रूप से विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट एवं SAMARTH प्रवेश पोर्टल का अवलोकन करते रहना चाहिए, ताकि किसी भी महत्वपूर्ण सूचना से वे वंचित न रहें।
