Kedarnath Heli Service Booking Update : उत्तराखंड में चारधाम यात्रा जल्द ही शुरू होने जा रही हैं। जिसके चलते केदारनाथ धाम यात्रा के लिए हेली सेवा को लेकर यूकाडा ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। हेली टिकटों की बुकिंग भी पूरी तरह ऑनलाइन माध्यम से IRCTC के जरिए ही की जाएगी।
आपको बता दें, मिली जानकारी के अनुसार बुकिंग पोर्टल 10 अप्रैल से शुरू होने की संभावना है, जिसमें शुरुआती चरण में 20 दिनों की यात्रा के टिकट जारी किए जाएंगे। वहीं, रविवार को यूकाडा के सीईओ डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में IRCTC अधिकारियों के साथ बैठक हुई। इस दौरान 21 अप्रैल से प्रस्तावित शटल सेवा के सुचारु संचालन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई और आवश्यक निर्णय लिए गए।
बता दें, यात्रियों की सुविधा के लिए इस बार गुप्तकाशी, सिरसी और फाटा हेलिपैड से कुल आठ रूट तय किए गए हैं, जिन पर चार ऑपरेटर सेवाएं देंगे।
बैठक में यह भी तय किया गया कि खराब मौसम के चलते यदि शटल सेवा रद्द होती है तो यात्रियों को उनका किराया समय पर वापस किया जाएगा। रिफंड प्रक्रिया में किसी भी तरह की देरी होने पर संबंधित एजेंसियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
