Mobile Ban In Kedarnath Dham : वर्ष 2026 में आयोजित होने जा रही केदारनाथ यात्रा को लेकर प्रशासन के द्वारा नई गाइडलाइन लाने पर विचार किया जा रहा है। इस वर्ष केदारनाथ धाम के मंदिर परिसर में मोबाइल फोन पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया जा सकता है तो वही नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भारी जुर्माना लगाने पर विचार किया जा रहा है।
केदारनाथ धाम में पूरी तरह से मोबाइल पर प्रतिबंध लगाने को लेकर जिला प्रशासन के द्वारा बद्रीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति के अधिकारियों के साथ बातचीत की जा रही है। इसके साथ ही मंदिर क्षेत्र में मोबाइल जमा करने जैसी व्यवस्था पर भी विचार किया जा रहा है, जिसकी जिम्मेदारी मंदिर समिति को सौंपी जा सकती है।
आपको बता दें कि बीते वर्षों से केदारनाथ धाम क्षेत्र में दर्शन के दौरान मोबाइल फोन के अधिक उपयोग से दर्शन भाव और श्रद्धा भाव में कमी आने को लेकर तीर्थ पुरोहितों, पंडा समाज और बीकेटीसी के बीच लगातार बातें होती रही, पिछले यात्रा में भी मोबाइल फोन पर बैन लगाने का मुद्दा उठाया गया था। इसी को ध्यान में रखते हुए ऋषिकेश में चार धाम से जुड़ी अहम बैठक हुई जिसमें सभी धामों में मोबाइल फोन पर बैन लगाने पर विचार किया गया।
वहीं दूसरी तरफ मंदिर परिसर में मोबाइल बैन को लेकर जिलाधिकारी प्रतीक जैन के द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार केदारनाथ क्षेत्र में मोबाइल प्रतिबंध को लेकर बीकेटीसी से बात की जा रही है मंदिर परिसर के आसपास चेतावनी बोर्ड लगाए जाएंगे और मोबाइल उपयोग पर जुर्माना लगाने समेत मोबाइल फोन जमा करने जैसे विकल्पों पर भी विचार किया जा रहा है।
