Jammu-कश्मीर के मुद्दों पर उमर अब्दुल्ला की अमित शाह से मुलाकात

Omar Abdullah meets Amit Shah on Jammu and Kashmir issues: Jammu -कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने शुक्रवार को नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। इस दौरान Jammu-कश्मीर से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। बैठक में सबसे प्रमुख मुद्दा जम्मू-कश्मीर का पूर्ण राज्य का दर्जा जल्द बहाल करने का रहा। इसके साथ ही प्रशासनिक व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए शासन से जुड़े नियमों को अंतिम रूप देने पर भी बातचीत हुई।

मुख्यमंत्री कार्यालय के मुताबिक, उमर अब्दुल्ला ने बैठक में आरक्षण व्यवस्था को तर्कसंगत बनाने, जनकल्याण और विकास से जुड़े मुद्दों को भी उठाया। मुख्यमंत्री ने प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने और आम लोगों से जुड़ी योजनाओं को बेहतर तरीके से लागू करने की जरूरत पर जोर दिया।

अमित शाह और उमर अब्दुल्ला की यह मुलाकात इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि 20 जुलाई को संसद के मानसून सत्र के पहले दिन उमर अब्दुल्ला ने दिल्ली में जम्मू-कश्मीर का राज्य का दर्जा बहाल करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया था। इसके बाद दोनों नेताओं के बीच यह पहली मुलाकात है। 5 अगस्त 2019 को केंद्र सरकार ने अनुच्छेद 370 के अधिकांश प्रावधानों को समाप्त कर तत्कालीन जम्मू-कश्मीर राज्य को दो केंद्र शासित प्रदेशों—जम्मू-कश्मीर और लद्दाख—में विभाजित कर दिया था।

राज्य का दर्जा बहाल करना तब से जम्मू-कश्मीर की राजनीति का प्रमुख मुद्दा बना हुआ है। केंद्र सरकार का कहना है कि उचित समय पर राज्य का दर्जा बहाल किया जाएगा, जबकि जम्मू-कश्मीर की निर्वाचित सरकार मौजूदा केंद्र शासित प्रदेश की व्यवस्था में सामने आ रही प्रशासनिक चुनौतियों को लगातार उठाती रही है। ऐसे में उमर अब्दुल्ला और अमित शाह की इस बैठक को राज्य के भविष्य और प्रशासनिक व्यवस्था के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

Srishti
Srishti