PM Modi inaugurated SEMICON India 2026 : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज 17 सितंबर को देश की राजधानी नई दिल्ली के द्वारका स्थित यशोभूमि कन्वेंशन सेंटर में वैश्विक सेमीकंडक्टर शिखर सम्मेलन ‘सेमीकॉन इंडिया 2026’ (SEMICON India 2026) के पांचवें संस्करण का भव्य उद्घाटन किया।
राजधानी नई दिल्ली में आयोजित तीन दिवसीय 17 से 19 सितंबर तक होने वाला यह इवेंट इंडस्ट्री की भागीदारी, पॉलिसी की दिशा और इंटरनेशनल पार्टनरशिप पर केंद्रित है।
बता दे इस महा-आयोजन में दुनिया भर के दिग्गज टेक लीडर्स, वैज्ञानिक और निवेशक भारत के सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम को मजबूत करने के लिए जुटे हैं। इस वर्ष के सम्मेलन की मुख्य थीम “सिलिकॉन से सिस्टम तक: इको सिस्टम का निर्माण” (Silicon to Systems: Building the Ecosystem) रखी गई है।
वहीं इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) के मुताबिक, यह कॉन्फ्रेंस ‘सिलिकॉन टू सिस्टम्स: बिल्डिंग द इकोसिस्टम’ थीम के तहत इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन (ISM), MeitY और ग्लोबल इंडस्ट्री बॉडी SEMI द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित की जा रही है।
उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “भारत की चिप स्टोरी अब सिर्फ फाइलों और फाइलों के बीच नहीं घूम रही, बल्कि फैक्ट्रियों की जमीन पर उतर चुकी है। भारत बहुत जल्द ग्लोबल सेमीकंडक्टर सप्लाई चेन का एक अटूट और भरोसेमंद हिस्सा बनने जा रहा है।”
प्रधानमंत्री ने देश के इलेक्ट्रॉनिक्स और चिप निर्माण क्षेत्र की प्रगति को रेखांकित करते हुए कहा कि भारत अब सेमीकंडक्टर क्षेत्र के अगले चरण यानी ‘SEMICON 2.0′ के लिए पूरी तरह तैयार है। भारत सरकार का लक्ष्य न केवल देश की घरेलू चिप जरूरतों को पूरा करना है, बल्कि मोबाइल, ऑटोमोबाइल और एआई (AI) सेक्टर के लिए दुनिया भर में चिप्स का निर्यात (Export) करना भी है।
पीएम मोदी ने SEMICON India 2026 इवेंट को बताया महत्वपूर्ण
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत की इन उपलब्धियों के बीच, SEMICON India 2026 इवेंट और भी महत्वपूर्ण हो गया है। इसका पहला एडिशन 2022 में हुआ था, और तब से हम हर साल मिल रहे हैं, लेकिन हमारी चर्चाओं का विषय हर साल बदलता रहा है। जब पहला एडिशन हुआ था, तो हमने पॉलिसी पर चर्चा की थी। बाद के एडिशन में चर्चा आगे बढ़ी. हमने प्रोजेक्ट्स पर चर्चा शुरू की, जिसमें फाइलों पर साइन करना और आधारशिला रखना शामिल था।
पिछले साल, हमने पायलट लाइनों और टेस्ट चिप्स पर चर्चा शुरू की, और भारत की यूनिट्स से निकलने वाले पहले सैंपल्स के बारे में बात की। इस साल, हम कमर्शियल प्रोडक्शन के बारे में बात कर रहे हैं। हमारी चिप्स अब भारतीय प्लांट्स से देश और दुनिया भर में ग्राहकों तक पहुंचने लगी हैं। दो और प्लांट्स में भी कमर्शियल प्रोडक्शन शुरू हो रहा है। मैं उन्हें भी बधाई देता हूं।
इस कार्यक्रम में मैन्युफैक्चरिंग से जुड़ी अहम उपलब्धियों की आधिकारिक समीक्षा भी पेश की जाएगी।’सेमीकॉन इंडिया प्रोग्राम’ के तहत केंद्र सरकार ने 12 सेमीकंडक्टर प्रोजेक्ट्स को मंज़ूरी दी है, जिनमें से ‘सेमीकॉन 1.0’ के तहत मंजूर की गई तीन यूनिट्स में कमर्शियल प्रोडक्शन शुरू हो चुका है। इसके अलावा, केंद्रीय कैबिनेट ने ‘सेमीकॉन 2.0’ नाम से अगले चरण को भी मंजूरी दी है, जो छह मुख्य स्तंभों पर आधारित है।
इलेक्ट्रॉनिक डिजाइन ऑटोमेशन टूल्स को 400 से ज्यादा शैक्षणिक संस्थानों और 105 स्टार्टअप्स तक पहुंचाया गया है, जबकि 24 स्टार्टअप्स को ‘डिजाइन लिंक्ड इंसेंटिव’ स्कीम के तहत मंजूरी मिल गई है. इस संबंध में मंत्रालय ने कहा कि सेमीकॉन SEMICON India 2026 एक व्यापक वैल्यू-चेन अप्रोच अपनाएगा, जिसमें सेमीकंडक्टर मटीरियल और मैन्युफैक्चरिंग से लेकर एडवांस्ड पैकेजिंग, डिजाइन, इलेक्ट्रॉनिक्स और सिस्टम तक के सफर को दिखाया जाएगा।
