PM Modi pay tribute to former PM Dr. Singh :भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत देश के कई नेताओं ने भारत के पूर्व प्रधानमंत्री और दुनिया के जाने माने अर्थशास्त्री रहे डॉ मनमोहन सिंह की जयंती (26 सितंबर 2026) पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है। नेताओं ने डॉ. मनमोहन सिंह के लंबे सार्वजनिक जीवन, ईमानदारी और देश की सेवा में उनके अतुलनीय योगदान को याद किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें देश सेवा में दिए अमूल्य योगदान के लिए याद करते हुए श्रद्धांजलि दी है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर लिखा, “पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि। उन्होंने सार्वजनिक जीवन में कई साल बिताए और पूरी निष्ठा के साथ देश की सेवा की।”
वहीं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी पूर्व प्रधानमंत्री को श्रद्धांजलि अर्पित की, रक्षा मंत्री ने डॉ. मनमोहन सिंह को याद करते हुए लिखा, “पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि। सार्वजनिक जीवन और भारत की प्रगति में उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा।”
मल्लिकार्जुन खरगे ने पूर्व PM डॉ मनमोहन सिंह को किया याद
वहीं कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे सहित देश के कई अन्य वरिष्ठ राजनेताओं ने भी दुनिया के जाने माने अर्थशास्त्री और पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह को उनके देश सेवा और आर्थिक सुधारों में दिए गए योगदान के लिए याद कर नमन किया।
कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मनमोहन सिंह को उनके जयंती पर याद करते हुए लिखा, ‘हम भारत के राष्ट्र-निर्माण में पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के असाधारण योगदान को सम्मान के साथ याद करते हैं। एक दूरदर्शी राजनेता के तौर पर, उनके ऐतिहासिक आर्थिक सुधारों ने भारत की विकास की दिशा बदल दी, नए अवसर पैदा किए और लाखों लोगों को गरीबी से बाहर निकालने में मदद की।’ उन्होंने आगे कहा कि उनकी विनम्रता, ईमानदारी और समझदारी उनके सार्वजनिक जीवन की पहचान रही। उन्होंने शालीनता और संवेदना के साथ नेतृत्व किया और समावेशी विकास और समाज के सबसे कमजोर वर्गों के कल्याण को शासन के केंद्र में रखा।
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने भी पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह को याद करते हुए एक्स पर श्रद्धांजलि दी है। उन्होंने लिखा, ‘भारत के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जी की जयंती पर उन्हें सादर नमन। एक कुशल अर्थशास्त्री एवं सफल राजनेता के रूप में डॉ. मनमोहन सिंह जी ने भारत के विकास को असाधारण गति दी और देश की समृद्धि को नए मुकाम पर पहुंचाया।
भारत के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का जन्म 26 सितंबर 1932 को हुआ था और उन्होंने वर्ष 2004 से 2014 तक देश के 14वें प्रधानमंत्री के रूप में कार्य किया था। वह एक जाने-माने इकोनॉमिस्ट रहे।
पढे : PM Modi के शासन और जनसेवा में 25 साल पूरे होने पर देश भर में शुरू किया जाएगा ‘सेवा संकल्प अभियान’…
