SU Election update in DAV PG College : देहरादून के DAV PG कॉलेज में 29 सितंबर 2026 को छात्रसंघ चुनाव के मतदान के दौरान भारी हंगामा और बवाल देखने को मिला है। मतदान शुरू होते ही छात्राओं के बूथ के बाहर वोट अपील करने और नियमों के उल्लंघन को लेकर विवाद खड़ा हो गया। इसके अलावा, पूर्व में नामांकन के दौरान भी ABVP और NSUI प्रत्याशियों के दस्तावेजों को लेकर भी तीखी बहस और तनातनी हुई थी।
कांग्रेस के प्रदेश सचिव विनीत प्रसाद भट्ट, पार्षद रोबिन त्यागी समेत NSUI कार्यकर्ता छात्राओं के बूथ के बाहर खड़े होकर वोट की अपील कर रहे थे। वहीं मतदान के दौरान माहौल बिगड़ने पर पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। सूचना पर CO डालनवाला नितिन लोहानी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और कार्यकर्ताओं को वहां से हटने के लिए कहा। व्यवस्था भंग करने और हंगामा करने के आरोप में पुलिस ने कई कांग्रेस व NSUI कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया है।
बूथ के आसपास वोट अपील को लेकर पुलिस की सख्ती जारी
घटना के बाद कॉलेज परिसर में कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बनी रही। पुलिस ने मतदान केंद्रों के आसपास मौजूद कार्यकर्ताओं और समर्थकों को निर्धारित दायरे से बाहर रहने के निर्देश दिए। मतदान के दौरान बूथ के (DAV PG College) आसपास प्रचार या वोट अपील को लेकर पुलिस की सख्ती जारी रही।
वहीं बीते सोमवार रात को छात्रसंघ चुनाव के बीच NSUI छात्र नेताओं के खिलाफ वारंट और गिरफ्तारी की कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया था। रैली के रूप में SSP आवास पहुंचे कार्यकर्ता धरने पर बैठ गए और पुलिस कार्रवाई के विरोध में नारेबाजी की। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।
प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि DAV PG College छात्रसंघ चुनाव में NSUI की जीत की स्थिति बन रही है। इसी को देखते हुए भाजपा सरकार के इशारे पर NSUI से जुड़े छात्र नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि वारंट और गिरफ्तारी की कार्रवाई के जरिये चुनाव का माहौल प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है।
