24 घंटे में तीन मर्डर से दहला देहरादून, कानून-व्यवस्था और युवाओं की हिंसक प्रवृत्ति पर खड़े हुए गंभीर सवाल…

Three murders in 24 hours rock Dehradun: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में दीपावली के दौरान 24 घंटे के भीतर हत्या की तीन अलग-अलग घटनाओं ने पूरे शहर को दहला दिया। तीनों वारदातों में पारिवारिक विवाद, नशे की लत और आपसी रंजिश सामने आई है। पहली घटना राजपुर थाना क्षेत्र के चलांग कुल्हान की है, जहां नशे के लिए पैसे नहीं मिलने पर 35 वर्षीय नितिन राणा ने अपने 62 वर्षीय पिता मदन राणा पर चाकू से हमला कर दिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पहले अपने भांजे ऋषभ रावत से नशा खरीदने के लिए रुपये मांगे थे। रुपये देने से इनकार करने पर उसने भांजे पर दरांती से हमला करने की कोशिश की। इसी दौरान पिता मदन राणा बीच-बचाव करने पहुंचे और बेटे को रोकने लगे। गुस्से में आरोपी ने पिता के सीने पर चाकू से वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल मदन राणा को कोरोनेशन अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।

दूसरी घटना देहरादून के अधोईवाला इलाके की है, जहां जमीन और संपत्ति के विवाद ने खूनी रूप ले लिया। जानकारी के मुताबिक, 28 वर्षीय गौरव अपनी मां और भाई-बहनों के साथ नानी के घर में रहता था। नानी ने अपनी संपत्ति गौरव के परिवार के नाम कर दी थी, जिसको लेकर उसका मामा नितिन कुमार नाराज था। दीपावली के अवसर पर गौरव अपने छोटे मामा के घर मिठाई देने पहुंचा था। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और आरोप है कि मामा नितिन कुमार ने अपने बेटे रोहित के साथ मिलकर गौरव और एक अन्य युवक पर खुखरी से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल गौरव की अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में नितिन कुमार और उसके बेटे रोहित को गिरफ्तार किया है।

तीसरी वारदात डालनवाला थाना क्षेत्र में सामने आई, जहां दीपावली पार्टी के बाद हुए विवाद में 15 वर्षीय दसवीं के छात्र अर्श अंसारी की जान चली गई। जानकारी के अनुसार, अर्श नेहरू कॉलोनी क्षेत्र में अपने एक दोस्त के घर दीपावली पार्टी में शामिल होने गया था। रविवार तड़के करीब तीन बजे सूरी चौक के पास उसका शव मिला। परिजनों ने आरोप लगाया कि दोस्तों ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की और एक वाहन से भी उसे टक्कर मारी गई। पुलिस के अनुसार, इस मामले में पुरानी रंजिश की आशंका भी सामने आई है। अर्श के पिता की शिकायत पर तीन दोस्तों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस तीनों मामलों की अलग-अलग जांच कर रही है। लगातार हुई इन घटनाओं ने देहरादून में कानून-व्यवस्था और युवाओं में बढ़ती हिंसक प्रवृत्ति को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

पढ़े – https://theindiainsights.com/sit-has-apprehended-the-husband/

Aarti Rawat
Aarti Rawat