Uttarakhand : सरकारी मेडिकल कॉलेजों में रेजिडेंट डॉक्टरों का बढ़ा मानदेय, धामी कैबिनेट में बढ़ोतरी को मंजूरी…

Uttarakhand Govt. hikes resident doctors’ stipend : उत्तराखंड धामी सरकार ने पहाड़ी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए रविवार को हुई कैबिनेट बैठक में पर्वतीय क्षेत्रों में डॉक्टरों की कमी को दूर करने के लिए डॉक्टरों के मानदेय (वेतन) में बड़ी बढ़ोतरी को मंजूरी दी है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में सरकारी मेडिकल कॉलेजों के सीनियर रेजिडेंट, जूनियर रेजिडेंट और डिमॉन्स्ट्रेटर के वेतन में ₹20,000 तक की वृद्धि करने का निर्णय लिया गया है। जिसका मुख्य उद्देश्य मैदानी क्षेत्रों के मुकाबले दुर्गम पर्वतीय क्षेत्रों में काम करने वाले डॉक्टरों को अधिक प्रोत्साहन देना है।

कैबिनेट द्वारा मंजूर की गई नई वेतन

कैबिनेट के निर्णय के अनुसार, पहाड़ी क्षेत्रों में सीनियर रेजीडेंट डॉक्टरों को अब 1.10 लाख रुपये मासिक वेतन मिलेगा। बता दे अभी तक उन्हें 90 हजार रुपये मिलते थे। वहीं, मैदानी क्षेत्रों के अस्पतालों में सीनियर रेजीडेंट का वेतन 84 हजार से बढ़ाकर 1.05 लाख रुपये किया गया है।

जूनियर रेजीडेंट डॉक्टरों के लिए पर्वतीय क्षेत्रों में वेतन 76 हजार से बढ़ाकर 85 हजार रुपये और मैदानी क्षेत्रों में 71 हजार से बढ़ाकर 80 हजार रुपये मासिक किया गया है। इसी तरह पर्वतीय क्षेत्रों में डिमॉन्स्ट्रेटर को 76 हजार की जगह 85 हजार और मैदानी क्षेत्रों में 71 हजार की जगह 80 हजार रुपये मासिक वेतन मिलेगा।

राज्य में पिछले काफी समय से रेजिडेंट और इंटर्न डॉक्टर वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर आंदोलन और हड़ताल कर रहे थे, जिसके बाद सरकार ने यह बड़ा कदम उठाया है।

पढे़ – देहरादून STF ने फर्जी कॉल सेंटर का किया भंडाफोड़, मैनेजर और रीजनल मैनेजर गिरफ्तार…

Aarti Rawat
Aarti Rawat