Uttarakhand News: सड़कों पर नहीं दौड़ेंगी रोडवेज बसें? कर्मचारियों ने किया चक्का जाम का ऐलान!

Uttarakhand News: Roadways buses will not run on the roads? उत्तराखंड में रोडवेज बसों से सफर करने वाले यात्रियों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन ने 30 अक्टूबर से प्रदेशभर में अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार और चक्का जाम का ऐलान किया है। कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर यह फैसला लिया है। हड़ताल के चलते देहरादून, हरिद्वार, ऋषिकेश, हल्द्वानी और अन्य रूटों पर बस सेवाएं प्रभावित होने की आशंका है।

उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन और परिवहन निगम प्रबंधन के बीच गुरुवार को करीब साढ़े तीन घंटे तक बातचीत हुई, लेकिन कोई सहमति नहीं बन पाई। कर्मचारियों का कहना है कि उन्हें पिछले तीन महीनों का वेतन नहीं मिला है। इसके अलावा महंगाई भत्ता (DA) और दीपावली बोनस का भुगतान भी उनकी प्रमुख मांगों में शामिल है।

कर्मचारियों की अन्य मांगों में रोडवेज बसों के बेड़े में बढ़ोतरी, संविदा कर्मचारियों को समान काम के लिए समान वेतन, निजी बसों की अवैध परमिट व्यवस्था पर रोक और हर महीने की 7 तारीख तक वेतन भुगतान शामिल है। यूनियन के मुताबिक, करीब 3,500 चालक और परिचालक इस कार्य बहिष्कार में शामिल हो सकते हैं। वहीं, प्रदेश में लगभग 75 से 80 प्रतिशत बसों का संचालन प्रभावित होने की आशंका जताई गई है।

इस हड़ताल का असर यात्रियों पर भी दिखने लगा है। काशीपुर में कर्मचारियों ने कार्य बहिष्कार शुरू कर डिपो में धरना-प्रदर्शन किया, जिसके चलते यात्रियों को बसों का इंतजार करना पड़ा। फिलहाल यात्रियों को सलाह है कि लंबी दूरी की यात्रा पर निकलने से पहले संबंधित बस डिपो से संचालन की जानकारी जरूर ले लें। अब सबकी नजर परिवहन निगम प्रबंधन और सरकार पर है कि कर्मचारियों की मांगों पर कब तक फैसला लिया जाता है।

पढे –https://theindiainsights.com/weather-alert-heavy-snowfall-in-kedarnath/

Aarti Rawat
Aarti Rawat