13 killed, 31 injured in Tehri-Rudraprayag: उत्तराखंड में पिछले 12 घंटों के भीतर हुए दो भीषण सड़क हादसों ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। टिहरी गढ़वाल और रुद्रप्रयाग जिले में हुए इन हादसों में अब तक 13 लोगों की मौत और 31 लोगों के घायल होने की खबर सामने आई है। हादसों के बाद दोनों स्थानों पर पुलिस, SDRF और आपदा राहत दलों ने बड़े स्तर पर रेस्क्यू अभियान चलाया।
मंगलवार सुबह करीब 4:30 बजे ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर गूलर बाजार के पास हरिद्वार से बदरीनाथ की ओर जा रही एक यात्री बस अनियंत्रित होकर पुल से करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। बस में लगभग 30 से 35 यात्री सवार बताए जा रहे हैं। इस दर्दनाक हादसे में 8 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 26 लोग घायल हुए हैं।SDRF और पुलिस की टीमों ने दुर्गम स्थान पर पहुंचकर घायलों को स्ट्रेचर की मदद से सड़क तक पहुंचाया। घायलों को ऋषिकेश के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
वहीं, सोमवार देर रात रुद्रप्रयाग जिले के बांसवाड़ा-मोहनखाल मोटर मार्ग पर भटवाड़ी-कंडारा के पास बारात से लौट रही एक बोलेरो गहरी खाई में गिर गई। वाहन पोखरी क्षेत्र से रांसी गांव की ओर जा रहा था। हादसे के समय वाहन में करीब 10 लोग सवार थे। दुर्घटना में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए। पुलिस, SDRF और डीडीआरएफ की टीमों ने रातभर रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी लोगों को खाई से बाहर निकाला।
उत्तराखंड में हुए इन दर्दनाक हादसों पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी हादसों पर दुख जताते हुए अधिकारियों को घायलों के बेहतर उपचार और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
पढ़े –https://theindiainsights.com/badrinath-dham-doors-closed-chardham-yatra-2026-concluded/
