Boulder Falls On Vehicle In Rudraprayag : रुद्रप्रयाग जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आ रही है। जहां एक वाहन अचानक चट्टान की चपेट में आ गया। हादसा इतना गंभीर था कि दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और घटना के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई।
सोमवार सुबह सोनप्रयाग से गौरीकुंड की ओर जा रहा यात्री वाहन मुनकटिया भूस्खलन ज़ोन में अचानक बोल्डर गिरने लगे। बोल्डर की चपेट में आने से वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसा इतना गंभीर था कि घटना में 2 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 3 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
मौके पर पहुंची रेस्क्यू टीम
जानकारी के अनुसार, वाहन में कुल 11 लोग सवार थे। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और रेस्क्यू दल मौके पर पहुंचे। घायलों को तुरंत सोनप्रयाग अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से दो को गंभीर स्थिति में हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
मृतक और घायलों की पहचान
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान रीता (30 वर्ष) पत्नी उदय सिंह और चंद्र सिंह (50 वर्ष) पुत्र कलम सिंह के रूप में हुई है।
वहीं, गंभीर घायलों में नवीन सिंह रावत (35 वर्ष) और ममता (29 वर्ष) को रेफर किया गया है, जबकि प्रतिभा (25 वर्ष) का सोनप्रयाग अस्पताल में इलाज चल रहा है। सभी लोग उत्तरकाशी जिले के सियालब, थाना बड़कोट के निवासी बताए जा रहे हैं।

