The Police arrested violating the rules: अपने पिता की पुलिस वर्दी और पिकअप का इस्तेमाल कर टोल टैक्स और पार्किंग में फायदे उठाने की कोशिश कर रहे युवक को मसूरी पुलिस ने गिरफ्तार किया। बता दे युवा नशे की हालत में वाहन चलता मिला जिसके बाद पुलिस ने वाहन सीज कर आगे की कार्रवाई की।
वही मसूरी कोतवाल देवेंद्र चौहान ने बताया कि मसूरी पुलिस द्वारा यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान लाइब्रेरी चौक पर एक वैगनआर कार संख्या यूपी-15 डीजेडी-2906 आती दिखाई दी। पुलिस को कार के डैशबोर्ड पर रखी उत्तर प्रदेश पुलिस की पी कैप और पीछे टंगी उपनिरीक्षक की वर्दी देखकर संदेह हुआ
कार में युवक के साथ तीन अन्य साथी भी थे मौजूद
पुलिस ने वाहन रोककर जांच की तो चालक की पहचान विनय सिंह निवासी मेरठ उत्तर प्रदेश के रूप में हुई। जांच में वह नशे की हालत में वाहन चलाता पाया गया। कार में उसके तीन अन्य साथी भी मौजूद थे। पूछताछ में युवक ने बताया कि उसके पिता उत्तर प्रदेश पुलिस में उप निरीक्षक है, और टोल टैक्स, पार्किंग तथा अन्य जगहों पर पुलिसकर्मी होने का फायदा लेने के उद्देश्य से वह अपने साथ पुलिस वर्दी और पी-कैप लेकर चल रहा है था।
युवक ने पुलिस से माफी भी मांगी, लेकिन नियमों के उल्लंघन और शराब पीकर वाहन चलाने के मामले में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर वाहन सीज कर दिया। अभियान के दौरान पुलिस ने ब्लैक फिल्म लगी गाड़ियों के खिलाफ भी कार्रवाई की और मौके पर फिल्म उतरवाई। वहीं सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े वाहनों के चालान किए गए तथा वाहन चालकों को निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधिकारी ने कहा कि सड़क किनारे खड़े वाहन यातायात बंद करने के साथ दुर्घटनाओं का कारण भी बनते हैं।
पुलिस द्वारा चलाए गए अभियान के दौरान कुल 98 चालान किए गए
इसके साथ ही मसूरी पुलिस द्वारा अभियान के दौरान कुल 98 चालान किए गए। इनमें 67 चालान नो पार्किंग के तहत न्यायालय भेजे गए, जबकि ब्लैक फिल्म के एक चालान में 500 रूपये जुर्माना वसूला गया। वही खतरनाक ढंग से वाहन चलाने पर पांच चालानों के कुल 5000 रूपये जुर्माना किया गया इसके अलावा एक कार को ड्रिंक एंड ड्राइव में सीज किया गया।
अभियान के तहत दो पहिया वाहन भी सीज किए गए, तथा यातायात नियमों के उल्लंघन पर 21 चालानों में 12,500 रूपये का जुर्माना वसूला गया। पुलिस ने आमजन और पर्यटकों से यातायात नियमों का पालन करने और अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करने की अपील की है।
