हरिद्वार में हुआ भीषण हादसा, श्यामपुर फ्लाईओवर से गिरने से 3 की मौत, 4 घायल

Deadly Accident In Haridwar 3 Dead: उत्तराखंड के हरिद्वार जिले से दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आ रही है। श्यामपुर थाना क्षेत्र में फ्लाईओवर के पास बीती रात पिकअप वाहन और रोडवेज बस की जोरदार टक्कर में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।

पुलिस के द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार टनकपुर डिपो की रोडवेज बस नजीबाबाद से हरिद्वार की ओर आ रही थी तो वहीं पिकअप वाहन हरिद्वार से बिजनौर की ओर जा रहा था। इसी बीच फ्लाईओवर के मोड पर अचानक से दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी की पिकअप वाहन के परखच्चे उड़ गए तो वही बस की भी ड्राइवर साइड क्षतिग्रस्त हो गई।

हादसे के समय पिकअप वाहन में 10 लोग सवार थे। रोडवेज बस से टक्कर होते ही पिकअप वाहन से दो व्यक्ति फ्लाईओवर से नीचे गिर गए। टक्कर होते ही मौके पर चीख पुकार मच गई और फ्लाईओवर पर लंबा जाम लग गया। हादसे की सूचना मिलते ही श्यामपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। जहां इलाज के दौरान 18 साल के आह्वान और एक अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गई, तो वही घटनास्थल से अस्पताल ले जाते समय शबाना नाम की एक महिला ने भी दम तोड़ दिया। घायलों का इलाज अस्पताल में किया जा रहा है।

Srishti
Srishti