PM Modi going to Marks 25 Years in Power: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शासन और जनसेवा में 25 साल पूरे हो रहे हैं। जिसके चलते 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक पूरे देश में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बीते रविवार 13 सितंबर को मुंबई में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल (गुजरात के मुख्यमंत्री और देश के प्रधानमंत्री के रूप में) पूरे होने पर यह घोषणा की है।
अमित शाह ने कहा कि 2014 में देश की कमान संभालते ही PM Modi ने लाल किले से खुद को ‘प्रधान सेवक’ बताया था। उन्होंने कभी खुद को शासक नहीं माना, बल्कि हमेशा जनता के सेवक के तौर पर काम किया।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत को ‘नीतिगत पक्षाघात’ और कमजोर निर्णय लेने की स्थिति से बाहर निकलकर एक निर्णायक शासन और कार्रवाई की संस्कृति में बदला है। उन्होंने जोर देकर कहा कि 2014 से पहले देश की शासन व्यवस्था गठबंधन की मजबूरियों और ढुलमुल गलतियों से जूझ रही थी, जिसे PM Modi के मजबूत नेतृत्व ने पूरी तरह से बदल दिया।
इस दौरान अमित शाह ने घोषणा की कि भारतीय जनता पार्टी, उनके सहयोगी दलों, समग्र एनडीए परिवार, विभिन्न संगठनों और देश की जनता के सहयोग से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक देशव्यापी सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा। यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 साल पूरे होने के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है।
अमित शाह ने कहा कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन है। भाजपा पहले गुजरात और बाद में पूरे देश में 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक सेवा सप्ताह के रूप में उनका जन्मदिन मनाती रही है। हालांकि इस वर्ष अभियान का विशेष महत्व है, क्योंकि 7 अक्टूबर 2026 को नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में लगातार 25 वर्ष पूरे हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश में ऐसे बहुत कम नेता हैं, जिन्होंने राज्य के मुख्यमंत्री और देश के प्रधानमंत्री के रूप में लगातार जनसेवा का इतना लंबा रिकॉर्ड बनाया हो।
गृह मंत्री ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान देश के प्रत्येक राज्य और केंद्र शासित प्रदेश में चलाया जाएगा। इसके तहत हर जिले, लोकसभा क्षेत्र, विधानसभा क्षेत्र और बूथ स्तर तक पहुंचकर जनता से संपर्क किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश के सामने स्वयं को हमेशा “प्रधान सेवक” के रूप में प्रस्तुत किया है और उनका पूरा राजनीतिक जीवन जनसेवा को समर्पित रहा है।
अमित शाह ने कहा कि मोदी सरकार ने संवैधानिक शक्तियों का उपयोग गरीबों के कल्याण, देश को मजबूत अर्थव्यवस्था बनाने, राष्ट्रीय सुरक्षा को सुदृढ़ करने और लंबे समय से लंबित समस्याओं के समाधान के लिए किया है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को लेकर देश आगे बढ़ रहा है और प्रधानमंत्री मोदी ने जनता में इस संकल्प को मजबूत किया है।
उन्होंने कहा कि 2014 से 2026 के बीच देश की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। भ्रष्टाचार, जातिवाद और परिवारवाद जैसी बुराइयों की जगह अब प्रदर्शन आधारित राजनीति ने ली है। शाह ने दावा किया कि पिछले 12 वर्षों में देश ने पहली बार मजबूत और स्पष्ट विदेश नीति का अनुभव किया है, जिसमें भारत के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। अमित शाह ने कहा कि 2014 से पहले भारत को “फ्रेजाइल फाइव” अर्थव्यवस्थाओं में गिना जाता था, लेकिन आज देश दुनिया की शीर्ष पांच अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि हाल ही में जारी पहली तिमाही के आंकड़ों के अनुसार 7.8 प्रतिशत जीडीपी वृद्धि दर के साथ भारत प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में सबसे आगे है।
