Congress bets on Gairsain as permanent capital in 2027 : उत्तराखंड में आगामी 2027 के विधानसभा चुनावों को देखते हुए कांग्रेस ने राजधानी के मुद्दे पर एक बड़ा राजनीतिक दांव खेला है। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर देहरादून के कचहरी परिसर स्थित शहीद स्मारक पहुंचे उत्तराखंड कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने ऐलान किया कि यदि 2027 में राज्य की जनता ने कांग्रेस को सत्ता सौंपी, तो गैरसैंण (भराड़ीसैंण) को उत्तराखंड की स्थायी राजधानी बनाया जाएगा।
गणेश गोदियाल ने कहा कि, उत्तराखंड प्रदेश आज भी शहीदों, राज्य आंदोलनकारियों और प्रदेश की जनता के सपनों के अनुसार नहीं बन पाया है। राज्य आंदोलनकारियों ने जिस परिकल्पना के साथ राज्य निर्माण के लिए संघर्ष किया, उस मुकाम तक पहुंचने के लिए केवल प्रयास ही नहीं, बल्कि मजबूत राजनीतिक इच्छा की भी आवश्यकता है। यह असंभव नहीं, बल्कि बिल्कुल संभव है।
उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती हरीश रावत के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार ने गैरसैंण में विधानसभा भवन का निर्माण कराया था और सत्र आयोजित किए थे, लेकिन वर्तमान भाजपा सरकार केवल सत्र के नाम पर औपचारिकता निभाकर जनता को गुमराह कर रही है और पहाड़ों के विकास तथा बेरोजगारी जैसे गंभीर मुद्दों से भाग रही है।
गोदियाल ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि, अपने कुकर्मों को छिपाने के लिए गलत तरीकों का इस्तेमाल किया जा रहा है। ऐसे में कांग्रेस की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है कि वह सरकार के कारनामों को घर-घर तक पहुंचाए और जनता को सच्चाई से अवगत कराएं। उन्होंने बताया कि, इसी उद्देश्य से कांग्रेस का हस्ताक्षर अभियान शुरू किया गया है। राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर उन्होंने जनता के सामने अपना संकल्प दोहराते हुए कहा कि यदि जनता का आशीर्वाद मिला तो उत्तराखंड को शहीदों के सपनों के अनुरूप गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाकर विकसित करने की दिशा में काम किया जाएगा।
पढे़ – दिवाली के बाद जहरीली हुई देहरादून की हवा, AQI 290 तक पहुंचा…
