आग की लपटों में समाया पवाणी गांव, 33 मकान जलकर खाक; सीएम धामी ने जताया शोक…

Fire engulfs Pavani village, 33 houses destroyed: उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले की मोरी तहसील स्थित पवाणी गांव में मंगलवार (24 नवंबर) शाम भीषण अग्निकांड से भारी तबाही मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते 33 आवासीय मकान जलकर पूरी तरह राख हो गए। इस हादसे में गांव के 58 परिवार प्रभावित हुए हैं। आग की चपेट में आने से पंचायत भवन और प्राथमिक विद्यालय को भी भारी नुकसान पहुंचा है। इस घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, आग एक मकान से शुरू हुई और गांव में लकड़ी से बने मकानों के कारण तेजी से आसपास फैल गई। इस दौरान पांच से सात रसोई गैस सिलेंडर फटने की भी सूचना है, जिससे आग ने और विकराल रूप ले लिया। आग बुझाने के लिए ग्रामीणों के साथ प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ और अन्य राहत-बचाव दलों ने मोर्चा संभाला। करीब साढ़े चार घंटे की मशक्कत के बाद रात 9:16 बजे आग पर काबू पाया जा सका।

प्रशासन की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, इस अग्निकांड में अब तक किसी की मृत्यु या पशुधन के नुकसान की सूचना नहीं है। हालांकि, आग बुझाने के दौरान ओसला गांव निवासी गंगा सिंह गिरकर घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई। गांव के 13 मकान सुरक्षित बताए गए हैं। वहीं, प्रभावित 58 परिवारों के लिए भोजन, आवश्यक राहत सामग्री और सुरक्षित आश्रय की व्यवस्था की जा रही है। दुर्गम भौगोलिक क्षेत्र और मोबाइल नेटवर्क की समस्या के कारण राहत एवं बचाव कार्यों में भी चुनौतियों का सामना करना पड़ा।

इधर, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पवाणी गांव में हुए भीषण अग्निकांड पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने जिला प्रशासन को राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने और प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने भोजन, अस्थायी आवास, चिकित्सा सुविधा और जरूरी राहत सामग्री तत्काल उपलब्ध कराने के साथ ही नुकसान का आकलन कर प्रभावित परिवारों को नियमानुसार मुआवजा देने के निर्देश भी दिए हैं। सरकार ने इस मुश्किल घड़ी में प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया है।

पढ़े – https://theindiainsights.com/fta-may-be-approved-in-december/

Aarti Rawat
Aarti Rawat