A double weather attack in Uttarakhand! उत्तराखंड में नवंबर की शुरुआत के साथ ही मौसम का मिजाज बदलने लगा है। पहाड़ी इलाकों में बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना बनी हुई है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, सोमवार यानी 2 नवंबर को प्रदेश के पांच पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, आज उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में हल्की बारिश की संभावना है। इन जिलों में 3400 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी भी हो सकती है। इसके अलावा पर्वतीय क्षेत्रों की घाटियों में कहीं-कहीं मध्यम कोहरा छाने का अनुमान है। कोहरे के कारण सुबह के समय दृश्यता प्रभावित हो सकती है, ऐसे में पहाड़ी रास्तों पर सफर करने वाले लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।
वहीं, मौसम के इस बदलाव का असर ऊंचाई वाले इलाकों में तापमान पर भी देखने को मिल रहा है। चारधाम क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री में तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया गया है। दूसरी ओर, मैदानी इलाकों में मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रहने की संभावना है।
राहत की बात यह है कि मौसम विज्ञान केंद्र के साप्ताहिक पूर्वानुमान के मुताबिक, 3 नवंबर से प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहने के आसार हैं। फिलहाल 2 नवंबर के लिए भी किसी जिले में मौसम संबंधी चेतावनी जारी नहीं की गई है। ऐसे में आने वाले दिनों में बारिश और बर्फबारी से राहत मिल सकती है, हालांकि पहाड़ी क्षेत्रों में सुबह और रात के समय ठंड का असर बना रहेगा।
पढ़े –https://theindiainsights.com/weather-alert-heavy-snowfall-in-kedarnath/
