Speeding Dumper hits a parked Car : हरिद्वार-देहरादून हाईवे पर एक बड़ा हादसा होने से टला। हरिद्वार शहर में सर्वानंद घाट के पास एक तेज रफ्तार डंपर ने खड़ी कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि लगते ही कार के परखच्चे उड़ गए। गनीमत रही हादसे के दौरान यात्री कार में सवार नहीं थे और बड़ी अनहोनी होने से टल गई। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन दो पीआरडी जवान डंपर की चपेट में आने से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
सर्वानंद घाट के पास गलत तरीके से कार खड़ी थी कार
मिली जानकारी के मुताबिक आज बुधवार सुबह तड़के दिल्ली नंबर की एक कार हाईवे किनारे सर्वानंद घाट के पास गलत तरीके से कार खड़ी थी और कार में सवार यात्री घाट पर गंगा स्नान के लिए गए थे। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात पीआरडी जवान अनिल कुमार और सचिन कुमार कार के पास पहुंचे और कार सवार यात्रियों को ढूंढने लगे, ताकि गलत तरीके से खड़ी कार को हाईवे से हटवाया जा सके। तभी पीछे से एक तेज रफ्तार डंपर ने सीधे यात्रियों की कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
इतना ही नहीं डंपर ने पीआरडी जवानों को भी अपनी चपेट में ले लिया, जिससे दोनों जवान घायल हो गए। सूचना मिलते ही खड़खड़ी चौकी पुलिस तुरंत घटना स्थल पर पहुंची। घायल पीआरडी जवानों को अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद कार और डंपर को हाईवे से हटाकर यातायात सुचारू कराया गया। वहीं टक्कर लगते ही डंपर चालक मौके से फरार हो गया।
