Pithoragarh : पांखू क्षेत्र में घास काटने गई महिला पर भालू ने किया हमला, ग्रामीणों में दहशत..

A woman attacked by a bear in Pithoragarh : पिथौरागढ़ जिले के बेरीनाग विकासखंड से एक दर्दनाक खबर सामने आई है। जिले के पांखू क्षेत्र के डाडल गांव में घास काटने गई महिला पर भालू ने हमला कर दिया। जिसके बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है। बता दे हमले में भालू ने महिला का पैर चबा दिया। जिससे उसके पैर पर गहरे घाव हो गए। गनीमत रही कि आसपास मौजूद ग्रामीणों ने शोर मचाकर भालू को भगाया।

ग्रामीणों के अनुसार, 52 वर्षीय महिला चम्पा देवी सोमवार यानी 21 सितंबर को देर शाम करीब 5 बजे गांव के पास घास काट रही थीं। तभी अचानक भालू ने उन पर हमला कर दिया, और महिला के पैर को काट लिया। महिला के शोर मचाने पर आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और शोर मचाकर भालू को भगाया। वहीं घायल महिला को ग्रामीणों ने तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल बागेश्वर पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

ग्रामीणों ने बताया कि पिछले कुछ समय से डाडल गांव और आसपास के क्षेत्र में एक साथ चार भालू घूमते हुए नजर आ रहे हैं। इससे ग्रामीणों में पहले से ही डर का माहौल बना हुआ था। बताया जा रहा है कि गांव के आसपास भालू के एक बच्चे को भी देखा गया था। वन विभाग ने जाल लगाकर भालू के बच्चे को पकड़ लिया था, लेकिन बाद में उसे जंगल में छोड़ दिया गया।

Aarti Rawat
Aarti Rawat