लखनऊ में खौफनाक वारदात, बेटे ने पिता की हत्या कर शव के किए टुकड़े….

Blue Drum Murder in Lucknow : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। जहां एक 21 वर्षीय युवक ने अपने पिता की गोली मारकर हत्या कर दी और सबूत मिटाने के लिए शव के टुकड़े कर उन्हें नीले ड्रम में छिपा दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

आपको बता दें, लखनऊ के आशियाना इलाके में 21 वर्षीय युवक (अक्षत) ने अपने ही पिता की गोली मारकर हत्या कर दी। जिसके बाद आरोपी ने पिता का सिर कार से लगभग 21 किलोमीटर दूर ले जाकर फेंक दिया।

बहन को जान से मारने की दी धमकी

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान मानवेंद्र सिंह के रूप में हुई है, जो पैथोलॉजी लैब चलाते थे और शराब के कारोबार से भी जुड़े थे। घटना के समय घर में मौजूद बहन (17) ने पूरी वारदात देखी, लेकिन आरोपी ने उसे किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी, जिससे वह खामोश रही। बता दें, हत्या के तीन दिन बाद आरोपी खुद थाने पहुंचा और पिता की गुमशुदगी दर्ज कराई। पूछताछ के दौरान पुलिस को बयान लेते हुए आरोपी घबराया हुआ मिला। जिसके बाद सख्ती से पूछ ताछ करने पर उसने अपराध स्वीकार कर लिया।

नीला ड्रम बरामद

जांच के दौरान पुलिस ने घर से एक नीला ड्रम बरामद किया, जिसमें प्लास्टिक में लिपटा शव का धड़ मिला। अन्य अंगों की तलाश जारी है। पुलिस आरोपी की निशानदेही पर बाकी हिस्सों की खोज कर रही है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसके पिता चाहते थे कि वह नीट पास कर एमबीबीएस करे, जबकि वह अलग व्यवसाय शुरू करना चाहता था। इसी बात पर दोनों के बीच विवाद हुआ और गुस्से में उसने पिता की लाइसेंसी राइफल से गोली चला दी।

मामले की जांच जारी

मिली जानकारी के अनुसार आरोपी बीकॉम का छात्र है। उसकी मां का कई वर्ष पहले निधन हो चुका है। पिता ने ही बेटे और बेटी की परवरिश की थी। हत्या के बाद आरोपी ने शव को तीसरी मंजिल से नीचे लाकर एक कमरे में रखा, बाजार से आरी खरीदी और शव के टुकड़े कर अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिया। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और आरोपी को हिरासत में लिया गया है ।

Srishti
Srishti