Bomb Threat Triggers Panic At Dehradun District Court : उत्तराखंड में हाल फिलहाल के दिनों में प्रदेश के कई जिलों को बम से उड़ाने की धमकी मिल रही है। वहीं, बुधवार को देहरादून जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया।
आपको बता दें, सूचना मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ता और खुफिया टीमें कोर्ट परिसर पहुंचीं और सुरक्षा घेरा बढ़ा दिया गया। एहतियात के तौर पर पूरे परिसर की बारीकी से जांच की जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार हाल के दिनों में प्रदेश के कई जिलों के न्यायालयों को इसी तरह की धमकियां मिल चुकी हैं। हरिद्वार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, टिहरी और नैनीताल में भी जिला अदालतों को निशाना बनाते हुए धमकी भरे संदेश भेजे गए थे। हालांकि अब तक की जांच में किसी भी स्थान पर कोई विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई है। लगातार मिल रही धमकियों से न्यायालय परिसरों में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
जिसके बाद पुलिस और खुफिया एजेंसियों ने सतर्कता बढ़ाते हुए गहन तलाशी अभियान चलाया। प्रारंभिक तौर पर इन घटनाओं को शरारती तत्वों की हरकत माना जा रहा है, लेकिन अधिकारी हर एंगल से मामले की जांच कर रहे हैं।
