CM Dhami in Pantnagar University: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शुक्रवार को पंतनगर पहुंचे, जहां उनका जोरदार स्वागत किया गया। पंतनगर हवाई अड्डे पर भाजपा कार्यकर्ताओं और जिले के अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री धामी पंतनगर विश्वविद्यालय में आयोजित 17वें कृषि विज्ञान सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
सम्मेलन में पहुंचे कई वैज्ञानिक
आपको बतादें, सम्मेलन में 1800 से अधिक भारतीय वैज्ञानिकों और 42 विदेशी वैज्ञानिकों ने भाग लिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने कृषि विज्ञान से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विचार साझा किए। उन्होंने सम्मेलन में लगाए गए विभिन्न कृषि स्टालों का दौरा किया और विश्वविद्यालय के पशु विज्ञान महाविद्यालय द्वारा तैयार मडुआ की बर्फी और लस्सी का स्वाद भी लिया।
सीएम धामी ने सम्मेलन में उपस्थित प्रतिनिधियों से कृषि विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नेतृत्व में किसानों की समृद्धि के लिए किए जा रहे प्रयासों पर जोर दिया। उन्होंने कहा, “पंतनगर विश्वविद्यालय का गौरवशाली इतिहास रहा है, जहां से किसानों को उपज उत्पादन में मार्गदर्शन मिलता है।”
चाय बगान, अरोमा वैली का होगा निर्माण
मुख्यमंत्री धामी ने यह भी बताया कि राज्य में किसानों को तीन लाख रुपये तक बिना ब्याज के ऋण दिए जा रहे हैं। बेतालघाट सहित अन्य क्षेत्रों में जैविक चाय बागान विकसित किए जा रहे हैं और छह अरोमा वैली का निर्माण भी किया जा रहा है। उन्होंने कृषि विज्ञान सम्मेलन को देश में कृषि में वैज्ञानिक दृष्टिकोण को समृद्ध करने में सहायक बताया। बेमौसमी खेती पर पाबंदी लगाने की बात भी मुख्यमंत्री ने की और किसानों को नवाचार के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
UCC पर भी हुई बातचीत
इसके अलावा, धामी ने उत्तराखंड में 27 जनवरी को यूसीसी (यूनिफॉर्म सिविल कोड) लागू करने के विषय में भी उल्लेख किया, जिससे राज्य देश का पहला ऐसा राज्य बना जो इस कानून को लागू करने में सफल रहा।
मुख्यमंत्री धामी ने लिव-इन रिलेशनशिप के मुद्दे पर भी बयान दिया, जिसमें उन्होंने कहा कि यह हमारी संस्कृति का हिस्सा नहीं है, लेकिन लोकतांत्रिक मूल्यों को ध्यान में रखते हुए, सुरक्षा के लिहाज से इसकी जानकारी परिजनों और प्रशासन को दी जाएगी।